Dark Mode
सवाई माधोपुर: विशेष रूप से सक्षम बच्चों के लिए खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन

सवाई माधोपुर: विशेष रूप से सक्षम बच्चों के लिए खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन

सवाई माधोपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार विशेष रूप से सक्षम बच्चों में विधिक जागृति हेतु रालसा स्पोर्ट्स फॉर अवेयरनेस उड़ान 2.0 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) देवेंद्र दीक्षित द्वारा दशहरा मैदान, हाउसिंग बोर्ड रोड, सवाई माधोपुर में मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष देवेन्द्र दीक्षित ने बताया कि राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विशेष रूप से सक्षम बच्चों में विधिक जागृति हेतु खेलकूद प्रतियोगिता के माध्यम से सराहनीय प्रयास किया जा रहा है। इस प्रकार के खेल आयोजनों से विशेष रूप से सक्षम बच्चों का उत्साहवर्धन होता है, साथ ही समाज में उनके प्रति फैली भेदभाव की भावना में भी कमी आती है। जिला स्तर पर आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में पुलकित विशेष विद्यालय, संकल्प विशेष विद्यालय, चेतना दिव्यांग विद्यालय, चैतन्य इंटीग्रेटेड विशेष विद्यालय, मुस्कान विशेष विद्यालय एवं जिले के सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों में अध्यनरत 225 शारीरिक दिव्यांगता, दृश्य एवं श्रव्य दिव्यांगता, बौद्धिक दिव्यांगता एवं अन्य दिव्यांगता वाले विशेष रूप से सक्षम बच्चों द्वारा भाग लिया गया। खेलकूद प्रतियोगिताओं में समूह प्रतियोगिता में कबड्डी और बोसी बॉल तथा एकल प्रतियोगिता में लंबी कूद, बैडमिंटन, कैरम, चेस, टेबल टेनिस, पेंटिंग एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें मंच संचालन विशेष शिक्षिका मीना शर्मा द्वारा किया गया। सचिव समीक्षा गौतम ने बताया कि जिला स्तर पर प्रतियोगिताओ का आयोजन 6 सितंबर से 25 सितंबर 2025 के मध्य तथा संभाग स्तर पर 27 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2025 के मध्य एवं राज्य स्तर पर 3 नवंबर, 2025 के बाद कराया जावेगा। जिला स्तर पर आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागी संभाग स्तर पर एवं संभाग स्तर पर आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागी राज्य स्तर पर आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में हिस्सा लेगा। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया जावेगा। आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में रणथम्भौर हैरिटेज सोसाइटी के अध्यक्ष ओम अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष के.सी. जैन द्वारा विशेष रूप से सक्षम बच्चों के अल्पाहार एवं भोजन की व्यवस्था कर सहयोग किया गया। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आशुतोष सिंह आढ़ा, रणथंभौर हेरीटेज सोसाइटी के अध्यक्ष ओम अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष के.सी.जैन, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक संतोष मीणा, जिला खेल अधिकारी अब्दुल वाहिद, पैनल अधिवक्ता एवं अधिकार मित्र आदि उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!