ग्राम रथ अभियान से मिल रही योजनाओं की सौगात - प्रभारी मंत्री देवासी
बारां। राज्यमंत्री ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, आपदा प्रबन्धन, सहायता एवं नागरिक विभाग व जिला प्रभारी मंत्री ओटाराम देवासी ने शनिवार को राज्य सरकार की ओर से जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में चलाए जा रहे ग्राम रथ अभियान के तहत तुलसां ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण और किसानों के लिए राज्य सरकार की और से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आमजन को इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। प्रभारी मंत्री ने विधानसभा क्षेत्र अंता की तुलसां पंचायत के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित ग्राम रथ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम रथ अभियान में सरकार गांवों तक पहुंच कर योजनाओं की जानकारी देने के साथ आमजन की समस्याओं और सुझावों पर गंभीरता से काम कर रही है। ग्राम रथ अभियान राज्य सरकार का आमजन के साथ जुडाव का सीधा माध्यम है जिससे 13 विभागों को भी जोड़ा गया है। रथ में शिकायत व सुझाव के लिए पेटिका भी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण जनों को लाभ पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने खेती एवं पशुपालन व शिक्षा के लिए बड़े एमओयू किए हैं। किसानों को तारबंदी व पशुधन बीमा आदि योजनाओं से फायदा पहुंचाया जा रहा है। कार्यक्रम में उन्होंने बिजली तारों की चपेट में आने से एक बालिका एवं एक बुजुर्ग के पीड़ित हो जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को इस मामले को गंभीरता पूर्वक लेते हुए पीड़ितों को शीघ्र सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों की मौके पर अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए गहरी नाराजगी व्यक्त की। कार्यक्रम में किशनगंज विधायक डॉ. ललित मीणा ने संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्राम रथ अभियान के माध्यम से विकास की भागीरथी गांवों तक पहुंचा रही है। जिससे ग्रामीण योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठा रहें हैं। राज्य सरकार ने बैलों से खेती पर 30 हजार रूपए की सहायता एवं निशुल्क पशु बीमा जैसी योजनाओं से किसानों को सीधा लाभ पहुंचाया है। समर्थन मूल्य पर भी गेहूं की खरीद और वृद्धावस्था पेंशन में बढोतरी कर लाभान्वित किया जा रहा है। कार्यक्रम को नरेश सिंह सिकरवार, जगदीश मीणा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रधान मोरपाल सुमन, जिला परिषद सीईओ राजवीर सिंह चौधरी, उपखण्ड अधिकारी, विकास अधिकारी, तहसीलदार, जनप्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी व ग्रामीणजन मौजूद थे। इस दौरान ग्राम रथ से योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के साथ कला जत्थे के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुती भी दी।