सबके लिये स्वास्थ्य विषयक संगोष्ठी सम्पन्न
जयपुर । विश्व स्वास्थ्य दिवस पर आज यहां इंटरनेशनल गुडविल सोसायटी आफ इण्डिया के राजस्थान जयपुर अध्याय की ओर से सबके लिये स्वास्थ्य विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संस्था के सांगानेर स्थित कार्यालय पर आयोजित इस संगोष्ठी में संस्था की अध्यक्ष प्रोफेसर प्रवीण शर्मा ने विश्व स्वास्थ्य दिवस की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विश्व के गरीब मुल्को में आज लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढाने की आवश्यकता है इन देशो में स्वच्छता और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों का व्यापक प्रसार होना जरूरी हैं ताकि लोग स्वस्थ जीवन जी सके।उन्होंने प्रकृति के पाँच मूलभूत तत्वों को मनुष्य के स्वास्थ्य से जोड़ते हुए संतुलन कायम करने पर भी ज़ोर दिया।
संगोष्ठी में मुख्य अतिथि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पूर्वअतिरिक्त निदेशक गोपाल शर्मा ने विश्व स्वास्थ्य दिवस पर आमजन के सुस्वास्थ्य की मंगल कामना करते हुए कहा कि विश्व का हर नागरिक निरोग रहकर दुखों से मुक्त रहे। उन्होंने कहा कि मनुष्य की जीवनशैली इस तरह से बने की बीमारियां ही नही पनपे। शर्मा ने शारीरिक व्ययाम और योग को प्राथमिकता देने की बात भी कहीं। उन्होंने संस्था द्वारा विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाने को सार्थक प्रयास बताया।
महिला एवं बाल विकास विषय के विशेषज्ञ कनु शर्मा ने कहा कि आज दुनिया में लोगों को उत्तम स्वास्थ्य देने की नितांत आवश्यकता है। हालांकि हमारी सरकारें ग्रामीण क्षेत्रों में लोगो, विशेषत महिलाओं को उत्तम स्वास्थ्य देने के लिए पुरजोर प्रयास कर रही है किंतु इसमें जनसहभागिता की भी बहुत आवश्यकता है उन्होंने घर से स्वास्थ्य कार्यक्रम शुरू करने आवश्कता जताई।
अंत में अभिभाषक पूर्णेन्दु शर्मा ने हार्दिक आभार व्यक्त किया। संगोष्ठी में अनेक बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे ।