Sensex 82,000 के पार, निफ्टी पहली बार 25,000 के पार
बेंचमार्क शेयर बाजार सूचकांक सकारात्मक रुख के साथ खुले, क्योंकि सेंसेक्स 200 अंक से अधिक उछलकर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया और निफ्टी 50 पहली बार 25,000 अंक को पार कर गया। यह अमेरिकी फेडरल रिजर्व की टिप्पणियों के कारण सकारात्मक वैश्विक संकेतों से प्रेरित था। सुबह 9:21 बजे एसएंडपी बीएसई सेंसेक्स 334.83 अंक बढ़कर 82,076.17 पर था, जबकि एनएसई निफ्टी 50 104.70 अंक बढ़कर 25,055.85 पर कारोबार कर रहा था। मजबूत शुरुआत के बाद अधिकांश व्यापक बाजार सूचकांक भी सकारात्मक क्षेत्र में कारोबार कर रहे थे। आंकड़ों के मुताबिक घरेलू शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को ही कारोबार में तेजी देखने को मिली है। बीएसई सेंसेक्स 388 अंक उछलकर पहली बार 82,000 अंक के स्तर को भी पार कर गया। वहीं निफ्टी भी 104.70 अंक बढ़कर 25,055.85 के पार हो गया। ये निफ्टी का एतिहासिक स्तर है।
बता दें कि बीएसई का 30 शेयर वाला सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 388.15 अंक या 0.47 प्रतिशत बढ़कर 82,129.49 अंक के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। एनएसई का निफ्टी पहली बार 25,000 के रिकॉर्ड स्तर के पार पहुंचा। वह 127.15 अंक या 0.50 प्रतिशत बढ़कर 25,078.30 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स में सूचीबद्ध कंपनियों में से मारुति के शेयर में 2.93 प्रतिशत की तेजी आई। अदाणी पोर्ट्स, पावर ग्रिड, जेएसडब्ल्यू स्टील और टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में भी तेजी आई।
दूसरी ओर, एमएंडएम, सन फार्मा, आईटीसी, इंफोसिस और टीसीएस के शेयरों में गिरावट आई। एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट, हांगकांग का हैंगसेंग और जापान का निक्की नुकसान में रहे, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी फायेद में रहा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 2.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 80.41 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में बुधवार को बिकवाल रहे और शुद्ध रूप से 3,462.36 करोड़ रुपये की कीमत के शेयर बेचे।