राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय शिविर प्रारंभ
बूंदी। राजकीय कन्या महाविद्यालय में महिला सशक्तिकरण की थीम पर राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय शिविर प्राचार्य डॉ संदीप यादव की अध्यक्षता व एनएसएस प्रभारी डॉ मनीलता पचानौत के निर्देशन में प्रारंभ हुआ। प्राचार्य डॉ संदीप यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना छात्र-छात्राओं में प्रतिभाओं को निखारने का एक सशक्त माध्यम है। शिविर प्रभारी डॉ मनीलता पचानौत ने शिविर की सात दिवसीय कार्य योजना पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में पूर्व एनएसएस अधिकारी डॉ. बीरम देव ने राष्ट्रीय सेवा योजना का परिचय, उद्देश्य एवं महत्व से छात्राओं को अवगत कराया। डॉ. चंपा अग्रवाल ने विकसित भारत संकल्प यात्रा सफल बनाने एवं हर घर तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाएं विषय पर व्याख्यान दिया। शिविर में महिलाओं की राष्ट्रीय विकास में भूमिका विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिसमें निर्णायक डॉ चंपा अग्रवाल, डॉ तन्वी खुराना एवं अरुणा अग्रवाल रही। द्वितीय सत्र में कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता हुई जिसमें प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर क्रमश मोनिका गोचर, उमा बैरवा, रुक्मणी सेन रही। स्वयंसेविकाओं ने गोद ली गई रामदेव बस्ती में जागरूकता रैली भी निकाली और घर घर जाकर केंद्र सरकार की योजनाओं से बस्ती वासियों को अवगत करवाते हुए इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।