Dark Mode
शार्दूल बोले- जगह बचाने के लिए नहीं खेलता

शार्दूल बोले- जगह बचाने के लिए नहीं खेलता

टीम को मुझ पर भरोसा, इसीलिए 2 साल में एक ही सीरीज मिस की


भारतीय टीम के तेज गेंदबाज शार्दूल ठाकुर ने कहा, मैं टीम में अपनी जगह बचाने के लिए नहीं खेलता। मेरा फोकस टीम के लिए परफॉर्म करने पर रहता है। टीम को भी मुझ पर भरोसा है, इसीलिए पिछले 2 साल से लगातार खेल रहा हूं और इतने टाइम में एक ही सीरीज नहीं खेल सका। अगर वर्ल्ड कप में नहीं भी चुना गया तो ये टीम का फैसला होगा, इसमें मैं कुछ नहीं कर सकता।

शार्दूल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे में 4 विकेट लिए। उन्होंने वनडे सीरीज 8 विकेट लेकर खत्म की।

जानते हैं मैच के बाद उन्होंने क्या कहा...

1. टीम में जगह के लिए नहीं खेलता
'मैं कभी भी टीम में अपनी जगह बचाने के लिए नहीं खेलता। मैं इस माइंडसेट से कभी खेल ही नहीं सकता और मैं इस तरह का खिलाड़ी हूं भी नहीं। अगर वर्ल्ड कप टीम में मेरा सिलेक्शन नहीं हुआ तो मैं उस बारे में ज्यादा कुछ नहीं कर सकता। मैं हमेशा टीम के लिए परफॉर्म करने पर ध्यान देता हूं, हर वक्त सिचुएशन के हिसाब से ही खेलता हूं।'

2. 8 विकेट लेने की खुशी हुई
'खुशी हुई कि मैं सीरीज में 8 विकेट ले सका। क्रिकेटर के रूप में हम इस तरह के मौकों का इंतजार ही करते हैं। कभी आप सफल होते हो और कभी नहीं। में किसी भी सीरीज का हिस्सा रहूं मेरा कॉन्फिडेंस बढ़ता ही है, ये मुकाबले मेरा अनुभव ही बढ़ा रहे हैं।'
3. एक ही वनडे सीरीज मिस की
'मुझे लगता है कि मैंने पिछले 2 साल में शायद एक श्रीलंका के खिलाफ ही वनडे सीरीज मिस की है। मुझे नहीं पता तब सिलेक्शन क्यों नहीं हुआ, लेकिन पिछले 2 साल में सभी वनडे सीरीज में मैं टीम का हिस्सा रहा हूं। मुझे लगता है कि टीम को मुझसे कुछ उम्मीदें हैं, मैं परफॉर्म कर रहा हूं। टीम को भरोसा है, इसीलिए मैं टीम का हिस्सा भी हूं।

4. टीम में बैटिंग की गहराई बढ़ाने पर फोकस
'अगर आप पिछले कुछ सालों की परफॉर्मेंस और टीम स्क्वॉड देखें तो हम बैटिंग की गहराई बढ़ाने पर ध्यान दे रहे हैं। ऑलराउंडर के रूप में मेरा 8वें नंबर पर बैटिंग करना अहम हो जाता है। बैटिंग, बॉलिंग या फील्डिंग जिस भी फील्ड में मुझे परफॉर्म करने का मौका मिलता हैं, मैं सिचुएशन के हिसाब से परफॉर्मेंस पर ही ध्यान देता हूं।'

5. प्लान के हिसाब से टीम ने परफॉर्म किया
'टीम ने दूसरे वनडे में ही डिसाइड कर लिया था कि हम पहले बैटिंग करने का चैलेंज लेंगे और बड़ा स्कोर करेंगे। शुभमन और ईशान ने पावरप्ले में अच्छी शुरुआत दिलाई, जिससे हम बड़ा स्कोर करने में कामयाब रहे। वेस्टइंडीज अच्छी टीम है, लेकिन मुकेश (कुमार) ने नई गेंद से ही 3 विकेट निकाल दिए।'
6. चहल को बाहर बैठाना टीम मैनेजमेंट का फैसला
'चहल अनुभवी खिलाड़ी हैं, वह लम्बे समय से टीम के लिए अच्छा परफॉर्म कर रहे हैं। उन्हें प्लेइंग-11 में मौका मिलना है या नहीं ये पूरी तरह से टीम मैनेजमेंट का फैसला है। वह जिस तरह के खिलाड़ी हैं, जब भी खेलेंगे, विकेट निकाल कर देंगे। मुझे नहीं लगता सीरीज में नहीं खेलने से उनका कॉन्फिडेंस कम होगा।'

7. वर्ल्ड कप से पहले हर मैच इम्पॉर्टेंट
'वर्ल्ड कप को देखते हुए सभी मैच बहुत इम्पॉर्टेंट हैं। हर डिपार्टमेंट में खिलाड़ी खुद को परखेंगे और सुधार की कोशिश करेंगे। टीम मैनेजमेंट सिलेक्शन पर ध्यान रखेगी, लेकिन एक खिलाड़ी के रूप में हमारा ध्यान वर्ल्ड कप से पहले सभी मैचों पर है।'

भारत में वनडे वर्ल्ड कप 5 अक्टूबर से 19 नवंबर तक खेला जाएगा। टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला 8 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई में खेलेगी।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!