जमीन विवाद में कुल्हाड़ी से वार कर बहन की हत्या
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर में जमीन विवाद में भाई ने कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर बड़ी बहन की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी भाई शव के पास बैठा रहा। युवती के लिव-इन पार्टनर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
घटना रावला थाना इलाके के गांव 8 डीओएल में रविवार शाम करीब 7 बजे की है। आरोपी ने बहन को फसल (गेहूं) का हिस्सा देने के बहाने घर बुलाया था।
डीएसपी प्रशांत कौशिक ने बताया- प्रारंभिक जांच में बहन-भाई के बीच जमीन विवाद ही हत्या का मुख्य कारण सामने आया है। पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है।
आरोपी सुरेंद्र (25) पुत्र सोहन लाल बीएसटीसी का छात्र है। उसके पिता का निधन हो चुका है। सुरेंद्र के चार बहनें और एक भाई है। वह सबसे छोटा है। तीन बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है।
वहीं मंजू (27) पिछले दो साल से एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी। वह दो महीने से रावला में एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थी।
रविवार सुबह सुरेंद्र ने मंजू को जमीन से उत्पादित गेहूं का हिस्सा देने के लिए बुलाया था। मंजू लिव-इन पार्टनर के साथ गांव 8 डीओएल में भाई के घर आई थी।
लिव-इन पार्टनर मंजू को घर छोड़कर गांव में चला गया था। घटना के समय मंजू की मां गांव कालुवाला में अपने पीहर भांजे और भांजी की शादी में शामिल होने गई थी।