मैरिज होम से चुराया साठ किलो कॉपर तार, एक चोर पकड़ा,
पेट पर लिपटा मिला 20 किलो तार
धौलपुर। बाड़ी शहर के तुलसीवन रोड स्थित एक निर्माणाधीन मैरिज होम के कमरों में वाइंडिंग के लिए बिछाए गए कॉपर वायर के चोरी होने का मामला सामने आया है। कॉपर वायर एक दो कमरों से नहीं बल्कि 14 कमरों से गायब की गई है। पुलिस को नाकाबंदी के दौरान एक चोर हाथ लगा है। जिसके पेट पर 20 किलो कॉपर वायर लिपटी हई पाई गई है। घटना के बाद अब पलिस गिरफ्त में आए चोर से अन्य चोरों के बारे में पूछताछ कर रही है। घटना को लेकर निर्माणाधीन मैरिज होम के चौकीदार ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि शहर के तुलसीवन रोड पर एक मैरिज होम निर्माणाधीन है। ऐसे में मैरिज होम के कमरों में बिजली फिटिंग के दौरान कॉपर बायर की वाइंडिंग हो रही है। रविवार की शाम 6 से 7 बजे के बीच चोर मैरिज होम में घुसे और करीब एक दर्जन कमरों से कॉपर बायर को खोल लिया। कॉपर तार को मैरिज होम से बाहर ले जाने के लिए चोरों ने अनूठा तरीका अपनाया। चोरों ने अपने पेट पर कॉपर वायर को लपेट लिया। ऊपर से जैकेट या कोई मोटा ऊनी कपड़ा डाल लिया। मामले को लेकर जैसे ही सूचना मिली पुलिस ने नाकाबंदी कराई और एक संदिग्ध को भागते हुए दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली तो उसके पेट पर करीब 20 किलो कॉपर वायर बंधा मिला है। उन्होंने बताया कि गिरफ्त में आया चोर राजाखेड़ा के विचोला गांव निवासी घमंडी पुत्र छोटेलाल कुशवाहा है। जिससे प्राथमिक पूछताछ में पता लगा है कि उसके साथ तीन चोर राजाखेड़ा से बाइक द्वारा निर्माणाधीन मैरिज होम में बायर चोरी करने आए थे। घटना को लेकर मेरिज होम के चौकीदार मुकेश पुत्र चरण सिंह गुर्जर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है पुलिस मामले की जांच में जुटी है। चोरी गया कॉपर वायर कई लाख रुपए की कीमत का बताया गया है।