Dark Mode
हाईवे पर पलटी स्लीपर बस, 13 घायल; 5 की हालत गंभीर

हाईवे पर पलटी स्लीपर बस, 13 घायल; 5 की हालत गंभीर

Bharatpur : आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे-21 पर बुधवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब मध्य प्रदेश से जयपुर जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर हाई मास्ट लाइट से टकरा गई और पलट गई। दुर्घटना में 13 यात्री घायल हो गए, जबकि पांच यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसा हलैना थाना क्षेत्र में थाने से करीब 150 मीटर दूरी पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस अचानक सड़क किनारे लगी हाई मास्ट लाइट से टकराई, जिसके बाद वह पलट गई। टक्कर इतनी तेज थी कि हाई मास्ट लाइट भी क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर गिर गई।

दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और हाईवे सेफ्टी टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए हलैना अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए भरतपुर रेफर कर दिया, जबकि अन्य यात्रियों का उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी रहा।

प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया। हादसे में चालक भी घायल हुआ है। पुलिस इस पहलू सहित अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

दुर्घटना के कारण हाईवे पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में हाईवे सेफ्टी टीम ने क्रेन की सहायता से बस को हटाकर मार्ग को फिर से सुचारु कराया। पुलिस के अनुसार बस में करीब 50 यात्री सवार थे। सुरक्षित यात्रियों को वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था कर उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!