सामाजिक सुरक्षा योजना सैचुरेशन ड्राइव 1 अप्रैल से 30 जून तक
सवाई माधोपुर । भारत सरकार द्वारा प्रारंभ की गई सामाजिक सुरक्षा योजना सैचुरेशन ड्राइव 1 अप्रैल 2023 से 30 जून 2023 तक प्रारंभ किया गया है। इस संदर्भ में 13 अप्रैल 2023 को जिला कलेक्टर सुरेश कुमार ओला की अध्यक्षता में जिले में स्थित सभी बैंकों के जिला प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न बैंकों द्वारा प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर शुक्रवार एवं शनिवार को कैंप आयोजित कर इस अभियान के दौरान प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से वंचित लाभार्थियों को रजिस्टर्ड किया जाएगा। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 18 वर्ष से 70 वर्ष तक के नागरिकों को 20 रूपए के वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख रूपए का दुर्घटना बीमा की सुविधा प्रदान की जा रही है। वहीं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में 18 वर्ष से 50 वर्ष तक के व्यक्तियों को 436 रूपए के वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख रूपए का जीवन बीमा दिया जा रहा है।
इसी प्रकार 15 अप्रैल 2023 को जिले में विभिन्न शाखाओं द्वारा कैंप का आयोजन किया गया जिसमें प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 907 एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में 208 रजिस्ट्रेशन करके बीमा के लिए फार्म प्राप्त किए गए हैं आगामी कैंप 21 अप्रैल 2023 को आयोजित किया जाएगा।