Dark Mode
डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए जयपुर प्रथम के चिकित्सा संस्थानों एवं सरकारी कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान, प्रत्येक रविवार मनाएं 'ड्राई डे' : सीएमएचओ डॉ. रवि शेखावत

डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए जयपुर प्रथम के चिकित्सा संस्थानों एवं सरकारी कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान, प्रत्येक रविवार मनाएं 'ड्राई डे' : सीएमएचओ डॉ. रवि शेखावत

जयपुर। डेंगू, मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जयपुर प्रथम जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत चिकित्सा संस्थानों के परिसर, छतों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई। साथ ही कूलर, पानी की टंकियों, गमलों एवं अन्य स्थानों पर जमा पानी को खाली करवाकर मच्छरों के प्रजनन स्रोतों को समाप्त किया गया। इस दौरान सभी सरकारी कार्यालयों एवं चिकित्सा संस्थानों में प्रत्येक शुक्रवार को विशेष स्वच्छता गतिविधियां आयोजित करने तथा प्रत्येक रविवार को 'ड्राई डे' मनाकर पानी जमा होने वाले सभी स्रोतों को समाप्त करने की अपील की गई, ताकि मच्छरों के प्रजनन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि डेंगू एवं मलेरिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए साफ-सफाई और पानी का ठहराव रोकना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि प्रत्येक शुक्रवार को अपने कार्यालय परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाएं तथा प्रत्येक रविवार को घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में 'ड्राई डे' मनाकर पानी जमा होने वाले स्थानों की सफाई सुनिश्चित करें। . शेखावत ने बताया कि डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर साफ एवं ठहरे हुए पानी में पनपता है। कूलर, पानी की टंकियां, गमलों, फ्रिज की ट्रे, पुराने टायर, टूटे बर्तनों एवं अन्य अनुपयोगी वस्तुओं में जमा पानी मच्छरों के प्रजनन का प्रमुख स्रोत बन सकता है। इसलिए इन स्थानों की नियमित सफाई और सप्ताह में कम से कम एक दिन पानी पूरी तरह खाली कर उन्हें सुखाना आवश्यक है। उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) जयपुर प्रथम डॉ. मनु शेखावत ने कहा कि 'हर शुक्रवार स्वच्छता अभियान और हर रविवार ड्राई डे' की गतिविधियों को जनभागीदारी के साथ जन आंदोलन का रूप देना होगा। उन्होंने सभी चिकित्सा संस्थानों, सरकारी कार्यालयों एवं आमजन से स्वच्छता को अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. विनोद शर्मा ने बताया कि मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करना डेंगू एवं मलेरिया से बचाव का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। नियमित साफ-सफाई, पानी का ठहराव रोकने और ड्राई डे की आदत अपनाकर मच्छर जनित बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। **स्वास्थ्य विभाग की अपील:** सभी सरकारी कार्यालयों एवं चिकित्सा संस्थानों में प्रत्येक शुक्रवार विशेष स्वच्छता गतिविधियां आयोजित करें तथा आमजन प्रत्येक रविवार को अपने घर, छत, आंगन, कूलर, गमलों एवं पानी की टंकियों की सफाई कर पानी जमा न होने दें। सामूहिक प्रयासों से ही डेंगू-मलेरिया मुक्त जयपुर प्रथम का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!