कोटा शहर में 31 अक्टूबर तक लगेंगे विशेष आधार शिविर
कोटा। कोटा नगर निगम क्षेत्र में आमजन की सुविधा के लिए 31 अक्टूबर तक विशेष आधार शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर चयनित वार्डों के चिन्हित राजकीय विद्यालयों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लगाए जाएंगे। शिविरों का आयोजन नगर निगम कोटा द्वारा किया जाएगा। जिला कलक्टर श्री पीयूष समारिया ने विशेष आधार शिविरों के सफल संचालन के लिए मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, कोटा शहर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। शिविरों में नए आधार कार्ड बनवाने के साथ आधार कार्ड में संशोधन संबंधी कार्य भी किए जाएंगे। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारीगण एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारीगण को निर्देश दिए हैं कि जिन विद्यार्थियों के आधार कार्ड नहीं बने हैं या उनमें संशोधन करवाना है, उन्हें निकटतम आधार शिविर में भेजना सुनिश्चित करें। आमजन भी चिन्हित आधार शिविर वाले राजकीय विद्यालयों में जाकर आधार कार्ड से संबंधित कार्य करा सकेंगे। शिविरों में विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में लंबित आधार संबंधी प्रकरणों को प्राथमिकता से निस्तारित किया जाएगा। पात्र विद्यार्थियों के शत-प्रतिशत आधार कार्ड बनवाने की जिम्मेदारी संबंधित संस्था प्रधानों की होगी। यहां लगेंगे शिविर 13 से 15 अक्टूबर को राउमावि नयागांव, राउमावि रानपुर और राउमावि घोड़ा बस्ती। 16, 17 और 21 अक्टूबर को शहीद अजय आहूजा राउमावि, भीमगंजमंडी। 22 से 24 अक्टूबर को राबाउमावि विनोबा भावे नगर, राउमावि थेगड़ा और मगारावि बोरखेड़ा। 26 से 28 अक्टूबर को राउमावि आरकेपुरम, राउमावि महावीर नगर तृतीय, मगारावि महावीर नगर प्रथम और मगारावि मल्टीपरपज गुमानपुरा तथा 29 से 31 अक्टूबर को राउमावि केशवपुरा सेक्टर 2-3 एवं राउमावि बसंत विहार में शिविर लगेंगे।