Dark Mode
शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत, सेंसेक्स-निफ्टी में दिखी तेजी

शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत, सेंसेक्स-निफ्टी में दिखी तेजी

नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार ने आज मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में तेजी देखने को मिली। हालांकि, बाजार खुलते ही कुछ देर मुनाफावसूली का असर दिखा, जिससे हल्की गिरावट आई, लेकिन जल्द ही खरीदारों ने दोबारा मोर्चा संभाल लिया।

पहले एक घंटे के कारोबार के बाद सेंसेक्स करीब 0.38 प्रतिशत और निफ्टी लगभग 0.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आया। निवेशकों की सक्रिय भागीदारी से बाजार में सकारात्मक माहौल बना रहा।

इस दौरान दिग्गज शेयरों में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, डॉ. रेड्डीज, कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन और श्रीराम फाइनेंस में अच्छी तेजी दर्ज की गई। वहीं मैक्स हेल्थकेयर, ओएनजीसी, नेस्ले, पावर ग्रिड और बजाज फाइनेंस जैसे शेयरों में हल्की गिरावट देखी गई।

अब तक के कारोबार में करीब 2,750 शेयरों में ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,186 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में रहे, जबकि 564 शेयर नुकसान के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स के 30 में से 20 शेयर फायदे में रहे, जबकि निफ्टी के 50 में से 34 शेयर हरे निशान में नजर आए।

बीएसई सेंसेक्स ने आज 597 अंकों की तेजी के साथ 84,177 के स्तर पर शुरुआत की। शुरुआती खरीदारी से यह 84,314 तक पहुंचा, लेकिन मुनाफावसूली के कारण थोड़ी गिरावट आई। बाद में दोबारा लिवाली बढ़ने से इसमें सुधार देखने को मिला।

सुबह करीब 10:15 बजे सेंसेक्स 316 अंकों की बढ़त के साथ 83,896 के आसपास कारोबार कर रहा था।

वहीं एनएसई निफ्टी ने भी 195 अंकों की छलांग लगाकर 25,888 से ट्रेडिंग शुरू की। शुरुआती तेजी के बाद इसमें भी हल्की गिरावट आई, लेकिन बाद में बाजार ने खुद को संभाल लिया।

पहले घंटे के बाद निफ्टी करीब 107 अंकों की मजबूती के साथ 25,801 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।

गौरतलब है कि पिछले कारोबारी दिन शुक्रवार को भी बाजार हरे निशान में बंद हुआ था। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में अच्छी बढ़त दर्ज की गई थी, जिससे निवेशकों का भरोसा बना हुआ है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!