Dark Mode
अफगानिस्तान में तूफान का कहर, 6 की मौत, कई इलाके तबाह

अफगानिस्तान में तूफान का कहर, 6 की मौत, कई इलाके तबाह

काबुल। अफगानिस्तान के कंधार, हेरात, घोर और तखर प्रांतों में रात भर तेज हवाओं और आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है। इस घटना में देश में जान-माल का नुकसान हुआ और छह लोगों की मौत हो गई। स्थानीय मीडिया की ओर से शुक्रवार को साझा जानकारी के अनुसार, घटना में 11 अन्य घायल भी हो गए हैं। अफगानिस्तान के टोलो न्यूज ने बताया कि अफगानिस्तान नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (एएनडीएमए) के मुताबिक, तेज हवाओं और आंधी-तूफान की वजह से सड़कें, कुएं, खेती की जमीन, पेड़ और सैकड़ों सोलर पैनल तबाह हो गए। एएनडीएमए के प्रवक्ता मोहम्मद यूसुफ हमाद ने कहा, "कंधार, हेरात, तखर और घोर प्रांतों में आंधी-तूफान, बिजली और बाढ़ की वजह से छह लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। 20 घर पूरी तरह तबाह हो गए और 10 को थोड़ा नुकसान हुआ।"
लोगों ने अधिकारियों से प्रभावित इलाकों की समस्याओं को दूर करने की अपील की।
हेलमंद के रहने वाले मीर हमजा ने कहा, "तूफान ने बिजली के खंभों समेत सबकुछ तबाह कर दिया। हम सरकार से इन समस्याओं को दूर करने की अपील करते हैं।"
टोलो न्यूज रिपोर्ट के अनुसार, एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि तूफान से बिजली के सभी खंभे टूट गए, जिससे लोगों को बिजली जाने का सामना करना पड़ा।
एएनडीएमए के बयान के मुताबिक, 26 मार्च से अब तक अफगानिस्तान में अलग-अलग प्राकृतिक आपदाओं से 250 लोग मारे गए हैं, 344 दूसरे घायल हुए हैं और 17,000 परिवार प्रभावित हुए हैं।
इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन फॉर माइग्रेशन (आईओएम) ने 11 मई को कहा कि अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत में हाल ही में आई बाढ़ से लगभग 2,000 परिवार प्रभावित हुए हैं।
अफगानिस्तान की जानी-मानी न्यूज एजेंसी खामा प्रेस ने बताया कि आईओएम ने कहा कि प्रभावित परिवारों को इमरजेंसी राहत का सामान दिया गया है। मानवीय राहत की टीमें बाढ़ से प्रभावित लोगों की खास जरूरतों का पता लगा रही हैं।
एजेंसी ने कहा कि नंगरहार में बाढ़ के बाद कई लोगों के घर, खेती की जमीन और घरेलू सामान बर्बाद हो गए, जिससे प्रांत के कमजोर परिवारों के सामने मानवीय चुनौतियां और बढ़ गईं।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!