Dark Mode
खैरथल कलेक्टर के सख्त निर्देश, ‘Not Satisfied’ मामलों की होगी हर सप्ताह समीक्षा

खैरथल कलेक्टर के सख्त निर्देश, ‘Not Satisfied’ मामलों की होगी हर सप्ताह समीक्षा

खैरथल। जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में मंगलवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और आमजन को वास्तविक राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों के निस्तारण को लेकर विशेष जोर दिया गया। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि किसी परिवादी को राहत देते समय तथ्यों की पूरी जांच की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रिजेक्ट किए गए आवेदन को किसी भी परिस्थिति में ‘रिलीफ’ श्रेणी में दर्ज नहीं किया जाना चाहिए।

कलेक्टर ने ‘Not Satisfied’ श्रेणी में दर्ज मामलों की प्रभावी समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। प्रत्येक जिला स्तरीय अधिकारी यानी DLO को हर सप्ताह कम से कम तीन ऐसे प्रकरणों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करनी होगी। इन मामलों में की गई कार्रवाई और निस्तारण की स्थिति की जानकारी अगली साप्ताहिक समीक्षा बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा

बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, कृषि विभाग की दलहन प्रोसेसिंग यूनिट और कृषि प्रशिक्षण योजना से जुड़े प्रकरणों पर चर्चा हुई। शिक्षा विभाग की पन्नाधाय योजना के साथ जननी सुरक्षा योजना और मुख्यमंत्री युवा संबल योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

संबंधित विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति और लाभार्थियों से जुड़े मामलों की जानकारी प्रस्तुत की। जिला कलेक्टर ने पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ निर्धारित समय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा गया।

कलेक्टर ने अधिकारियों को संपर्क पोर्टल पर आने वाले मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने केवल मामलों की संख्या कम करने के बजाय परिवादियों को वास्तविक राहत देने और उनकी संतुष्टि के स्तर में सुधार पर ध्यान देने के निर्देश दिए।

सड़क सुरक्षा को लेकर भी दिए निर्देश

साप्ताहिक समीक्षा बैठक के बाद सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें सड़क सुरक्षा से जुड़े विभागों की ओर से किए गए कार्यों और पिछली बैठक में जारी निर्देशों की पालना की स्थिति की समीक्षा की गई।

जिला कलेक्टर ने जिले की सड़कों को दुर्घटना मुक्त बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर वहां जरूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इसके अलावा अवैध कट और अनधिकृत स्पीड ब्रेकरों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। दुर्घटना होने की स्थिति में संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट सहित जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!