विद्यार्थियों ने चित्तौड़गढ़ किले का किया अवलोकन
मदनगंज-किशनगढ़। गांधीनगर स्थित आरडीकेएल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने गुरूवार को शैक्षणिक भ्रमण के तहत चित्तौड़गढ़ किले का अवलोकन किया। प्रभारी प्रकाश कुमार दायमा व कृष्णकांत गुंजल ने बताया कि विद्यालय में चल रहे समाजोपयोगी उत्पादक कार्य एवं समाज सेवा शिविर के तहत गुरुवार को शिविरार्थियों ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ किले का अवलोकन करते हुए इसके ऐतिहासिक व राजनीतिक महत्व के बारे में उपयोगी जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने यहाँ प्रसिद्ध मीरा मंदिर, कुम्भा श्यामा मंदिर, विजय स्तंभ, जौहर कुण्ड, गौ मुख कुण्ड, सिद्धेश्वर मंदिर, कालिका मंदिर, पद्मिनी महल प्राचीन राम मन्दिर व महाराणा म्यूजियम सहित अन्य ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। शिविर प्रभारी गोपाल गोस्वामी ने बताया कि विद्यालय में राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के पाठ्यक्रम में शामिल एसयूपीडब्लू केम्प का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। जिसमें विद्यार्थियों को परिवार, समाज व देश का जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण, सेमीनार व वार्ताओं के माध्यम से समाजसेवा करने के लिए प्रेरित किया जाता है। इस अवसर पर पिंकी सांखला, कीर्ति पाराशर, पुष्पा सैनी, खुशबू शर्मा, पूजा पडियार, ललिता कंवर, गोपीचंद गूजर, मेघा खत्री, नमृता राठौड़ सहित अन्य लोग मौजूद थे।