Dark Mode
Supreme Court Collegium ने दिल्ली उच्च न्यायालय के दो न्यायाधीशों के तबादले की सिफारिश की

Supreme Court Collegium ने दिल्ली उच्च न्यायालय के दो न्यायाधीशों के तबादले की सिफारिश की

उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने बुधवार को दिल्ली उच्च न्यायालय के दो न्यायाधीशों को कर्नाटकऔर मध्य प्रदेश उच्च न्यायालयों में स्थानांतरित करने की सिफारिश की। प्रधान न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाले पांच-सदस्यीय कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव के किसी अन्य अदालत में स्थानांतरित करने के अनुरोध पर उन्हें कर्नाटक उच्च न्यायालय में स्थानांतरित कर दिया।
कॉलेजियम ने अपने प्रस्ताव में कहा, “चार मार्च, 2024 को एक पत्राचार द्वारा, दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव ने किसी अन्य उच्च न्यायालय में स्थानांतरण का अनुरोध किया है। उनके अनुरोध को स्वीकार करते हुए, कॉलेजियम न्याय के बेहतर प्रशासन के हित में न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव को कर्नाटक उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने की सिफारिश करता है।”

कॉलेजियम में न्यायमूर्ति संजीव खन्ना, न्यायमूर्ति बी.आर. गवई, न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस भी शामिल हैं। कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने की भी सिफारिश की।

प्रस्ताव में कहा गया है, “तीन मार्च, 2024 को एक पत्राचार द्वारा, दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा ने किसी अन्य न्यायालय में स्थानांतरित होने की इच्छा व्यक्त की है। उनके अनुरोध को स्वीकार करते हुए, कॉलेजियम ने न्याय के बेहतर प्रशासन के हित में न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने की सिफारिश का निर्णय लिया है।”

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!