Dark Mode
जसोल-असाड़ा स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण, सीएमएचओ ने दिए जरूरी निर्देश

जसोल-असाड़ा स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण, सीएमएचओ ने दिए जरूरी निर्देश

बालोतरा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बालोतरा डॉ. उम्मेदाराम ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसोल एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असाड़ा का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
टीकाकरण सत्र अभियान के तहत हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं की हीमोग्लोबिन एवं वजन की जांच की गई। सीएमएचओ ने चिकित्सा अधिकारी प्रभारी को हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं का समय-समय पर फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसोल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेल एवं फीमेल वार्ड में भर्ती मरीजों से स्वास्थ्य एवं उपचार संबंधी जानकारी ली। साथ ही अस्पताल में बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट की निर्धारित प्रक्रिया की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असाड़ा के वार्ड एवं लैब का निरीक्षण करते हुए सीएमएचओ ने अस्पताल में शत-प्रतिशत आवश्यक दवाइयां एवं जांच सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा मरीजों के बेड की चादर प्रतिदिन बदलने के निर्देश भी दिए।
डॉ. उम्मेदाराम ने मौसमी बीमारियों की प्रभावी रोकथाम के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने तथा बायोमेडिकल वेस्ट का उचित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में जर्जर भवनों की स्थिति की रिपोर्ट तत्काल भिजवाने को भी कहा।
इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी विजय सिंह ने एमआर प्रथम एवं द्वितीय टीके से वंचित बच्चों के संबंध में जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. विरधाराम, डॉ. प्रेम कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी विजय सिंह सहित अन्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!