श्री राम दरबार और मां भारती की झांकी निकाली
बहरोड़। हिन्दू नववर्ष के उपलक्ष्य पर बहरोड़ कस्बे में बुधवार को हिन्दू जागरण मंच और सर्व हिन्दू समाज के द्वारा विशाल भगवा रैली का आयोजन किया गया। मौसम खराब होने के बावजूद हल्की बारिश के बीच भगवा रैली गाजे बाजे के साथ कंचन वाटिका से शुरू होकर मुख्य रास्तों पर निकाली गई। रैली में श्री राम दरबार जिसमें श्री राम सहित लक्ष्मण और पवन पुत्र हनुमान जी तथा मां भारती की सुन्दर झांकी निकाली गई। रैली के शुभारम्भ पर मां भारती की पूजा अर्चना की गई। बड़ी संख्या में सनातनी हिन्दू युवाओं ने रैली में उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान एक ही नारा, एक ही नाम, जय श्री राम, जय श्री राम, भारत माता की जय, वन्दे मातरम आदि नारे गुंजायमान रहे। इस अवसर पर हिन्दू जागरण मंच के सदस्य और सर्व हिन्दू समाज के लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस प्रशासन का पुख्ता इंतजाम रहा।