Tamil Nadu: मुफ्त साड़ी के लिए टोकन लेने पहुंची महिलाओं में भगदड़, चार की मौत
चेन्नई, ऑनलाइन डेस्क। तिरुपत्तूर के वानियामबाडी में शनिवार को मुफ्त साड़ी लेने पहुंची महिलाओं में अचानक भगदड़ मच गई। इस दौरान चार महिलाओं की मौत हो गई। समाचार एजेंसी एएनआई ने यह जानकारी दी है। एजेंसी ने तिरुपत्तूर के पुलिस अधिकारियों के हवाले से बताया कि थाईपुसम के अवसर पर साड़ियों के संग्रह के लिए टोकन को वितरित किया जा रहा है। इस दौरान टोकन के लिए महिलाओं की भारी भीड़ अचानक जमा हो गई और मौके पर भगदड़ मच गई।
भगदड़ के दौरान चार महिलाओं की मौत
पुलिस अधिकारी ने बताया कि तिरुपत्तूर के बनियामबाडी में थाईपुसम के अवसर पर एक व्यक्ति द्वारा मुफ्त साड़ियां और वेश्टि (सफेद धोती) का टोकन बांटा जा रहा था और टोकन लेने की जल्दबाजी में महिलाओं में भगदड़ मच गई, जिसमें चार महिलाओं की मौत हो गई है।