तहसीलदार ने 25 बीघा सरकारी भूमि से हटाया पक्का अतिक्रमण
सोजत। तहसील के राजस्व ग्राम देवली हुल्ला के अतिक्रमियों द्वारा राजकीय भूमि पर बार बार अतिक्रमण करना भारी पड़ गया।तहसील प्रशासन द्वारा कठोर कार्यवाही करते हुए बुधवार को लगभग पच्चीस बीघा भूमि से पक्का अतिक्रमण हटवाया जाकर,सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया गया.
तहसीलदार दीपक साँखला ने बताया कि उनके समक्ष ग्राम पंचायत देवली हुल्ला और ग्रामीणों के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी कि श्यामगिरि पुत्र त्रिलोकगिरी गोस्वामी तथा पिंकी पत्नी श्यामगिरि गोस्वामी द्वारा लंबे अरसे से राजकीय भूमि पर अतिक्रमण किया जा रहा है।इन्होंने एक शिव मंदिर परिसर के चारों और कब्जा भी कर लिया है।राजस्व टीम द्वारा आंशिक स्तर पर बेदखली भी की गई थी।मगर गैर मुमकिन मगरी ग्राम से बाहर की तरफ होने से रात में भी लगातार पक्का अतिक्रमण होता जा रहा था।शिकायत प्राप्त होने के बाद तहसीलदार मौके पर पहुँचे तो उन्होंने पाया था कि अतिक्रमियों ने न केवल एक बड़े भू भाग पक्का कब्जा कर लिया है,बल्कि मौके पर चार पांच पक्के मकानों को तामीर भी कर ली गई है।मौके पर जाकर पाबंदी की कार्यवाही की गई तो,नेमारामव सुरेशगिरी ने राजकार्य में भयंकर बाधा डाली,जिसके विरुद्ध बगड़ी थाना में मुक़दमा दर्ज करवाया गया था।जिसमें सुरेश गिरी अभी पुलिस की गिरफ़्त में नहीं आया है।
तत्पश्चात उप तहसीलदार बगड़ी द्वारा पश्चातवर्ती अतिक्रमण की राजस्व कानून धारा 91(3) के तहत समस्त कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए श्यामगिरि पुत्र त्रिलोकगिरि तथा पिंकी गोस्वामी पत्नी श्री श्यामगिरि को तीन माह के सिविल कारावास की सजा सुनाई गई थी।
श्यामगिरी व पिंकी गिरी ने सजा के विरुद्ध अपील की थी जो कि माननीय न्यायालय एडीएम पाली द्वारा ख़ारिज कर दी गई।
बुधवार को अतिक्रमण की बेदख़ली के क्रम में तहसीलदार सोजत अपनी रेवन्यू टीम और एएसआई श्री भवानी सिंह मय पुलिस ज़ाब्ता थाना बगड़ी के साथ मौके पर पहुँचे.उपतहसीलदार नरपतसिंह व सरपंच प्रतिनिधि सत्यनारायण गुर्जर की मोजूदगी में समस्त अतिक्रमण की वीडियोग्राफ़ी करवाई गई.इसके बाद श्यामगिरि व उसके परिवार से समझाइश कर,अतिक्रमण हटाना प्रारंभ किया गया।
पाँच सौ मीटर की पक्की चारदीवारी को दो जेसीबी के माध्यम से,नेस्तनाबूद किया गया।श्यामगिरी द्वारा जगह जगह पत्थर की पट्टियाँ डलवा कर,बड़े भूभाग पर क़ब्ज़ा कर लिया था।सारा क़ब्ज़ा व मलबा लगातार पाँच ट्रैक्टर ट्रॉली द्वारा चार घंटे में हटवाया जाकर,सरकारी स्कूल के मैदान में,पंचायत की देख रेख में रखवाया गया.सुरेशगिरी द्वारा बनाये गये पक्के मकान को ध्वस्त कर दिया गया.इसके अलावा श्यामगिरी द्वारा बनाई गई काँटों की बाड को भी हटवाया जाकर,सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया गया.मौके पर खड़ी गेहूं की फसल,और हरे वृक्षों को क्षति नहीं पहुँचाई गई।इस दौरान पुलिस ज़ाब्ता बगड़ी, भू अभिलेख निरीक्षक मोहम्मद रफ़ीक, प्रेमचंद सोलंकी, दिलदार ख़ान ,पटवारी मेजरसिंह, आशा टाक,संजय मेवाड़ा,पूनम चौधरी और ड्राइवर भँवर सिंह जैतावत ने शानदार सहयोग किया.