रियाणा में हिंसा के बाद तनाव, 5 की मौत
नूंह में 2 दिन का कर्फ्यू; 6 जिलों में धारा 144, इंटरनेट बंद; राजस्थान के भरतपुर में भी अलर्ट
नूंह . हरियाणा के नूंह में विश्व हिंदू परिषद की ब्रज मंडल यात्रा के दौरान हिंसा और बवाल के बाद तनाव बना हुआ है। नूंह में दो दिन के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया है। हालात पर काबू पाने के लिए पूरे इलाके में पैरामिलिट्री की 13 कंपनियां तैनात की गई हैं। उधर, नूंह से सटे राजस्थान के भरतपुर में भी अलर्ट जारी किया गया है। यहां के 4 इलाकों में भी इंटरनेट बंद कर दिया गया है।
अब यह हिंसा नूंह(मेवात) के बाद गुरुग्राम तक फैल गई है। जिसे देखते हुए इन दो जिलों के अलावा एहतियातन रेवाड़ी, पलवल, फरीदाबाद और सोनीपत समेत 6 जिलों में धारा 144 लागू कर दी गई है। नूंह में 2 अगस्त तक इंटरनेट बंद कर दिया है। नूंह, फरीदाबाद, गुरुग्राम और पलवल में मंगलवार यानी 1 अगस्त को सभी शिक्षण संस्थान और कोचिंग सेंटर बंद रहेंगे।
बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा को नूंह में रद्द कर दिया गया है। यह परीक्षाएं 1 और 2 अगस्त को होनी थीं। हिंसा के मद्देनजर CM मनोहर लाल खट्टर ने गृहमंत्री अनिल विज के अलावा चीफ सेक्रेटरी, DGP समेत दूसरे बड़े प्रशासनिक अधिकारियों की हाई लेवल मीटिंग बुला ली है।
दरअसल, नूंह में सोमवार को विश्व हिंदू परिषद की ब्रज मंडल यात्रा पर समुदाय विशेष के लोगों ने पथराव कर दिया। इससे हिंसा भड़क गई। दोनों पक्षों में पत्थरबाजी और फायरिंग हुई। इस दौरान गुड़गांव के होमगार्ड नीरज और गुरसेवक समेत अब तक 5 लोगों की मौत हो गई है। 50 से ज्यादा पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और अन्य घायल हैं।
उपद्रवियों ने रोड पर तीन किलोमीटर में जो भी वाहन दिखा, उसमें ही आग लगा दी। इसके बाद 500 से अधिक लोगों ने बस से टक्कर मार साइबर थाने की दीवार तोड़ी और अंदर घुस गए। डायल 112 की गाड़ियां जला दीं। अंदर तोड़फोड़ की। आग लगाने का प्रयास किया। कुछ दुकानों में लूटपाट के बाद आग लगा दी। हीरो बाइक के शोरूम से 200 बाइक लूटीं। शोरूम में तोड़फोड़ की। कर्मचारियों को पीटा।
अब इस घटना को सिलसिलेवार समझिए...... पहले घटनाक्रम
दोपहर 1:00 बजे: बृज मंडल यात्रा पर पथराव के बाद हिंसा भड़क गई, जो पूरे नूंह में फैल गई।
दोपहर बाद 3:00 बजे: उपद्रवियों ने अनाजमंडी स्थित साइबर थाने पर हमला बोल दिया।
शाम 5:00 बजे: गुड़गांव के सोहना स्थित बाइपास पर आगजनी हुई। गोलियां भी चलीं।
रात 8:00 बजे: प्रशासन ने दोनों समुदाय के लोगों की बैठक कराई।
रात 8:40 बजे: CM ने सोशल मीडिया पर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
रात 10:00 बजे: केंद्र सरकार ने अर्धसैनिक बलों की 20 कंपनियों को भेजने का फैसला लिया।
रात 12:00 बजे: नूंह के अलावा तीन अन्य जिलों में इंटरनेट बंद। रात 2 बजे नूंह में कर्फ्यू की सूचना।
ऐसे भड़की हिंसा: यात्रा शुरू होते ही पत्थरबाजी, हिंसा और तोड़फोड़
विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में हिंदू संगठनों का ब्रज मंडल यात्रा निकालने का कार्यक्रम था। यह नूंह के नल्हड़ स्थित नलहरेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के बाद बड़कली चौक से होती हुई फिरोजपुर-झिरका के पांडवकालीन शिव मंदिर और पुन्हाना के सिंगार के राधा कृष्ण मंदिर तक जानी थी।
पुलिस के मुताबिक, दोपहर एक बजे यात्रा बड़कली चौक पर पहुंची तो समुदाय विशेष के लोगों ने नारेबाजी करते पथराव कर दिया। पथराव से यात्रा में भगदड़ मच गई। उपद्रवियों ने गाड़ियों को पलटते हुए आग लगा दी।
पुलिस के सामने ही सड़क से गुजर रहे वाहनों पर पथराव होता रहा। कुछ लोग वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर मदद मांगते दिखे। यह यात्रा हर साल होती है। पहली बार ऐसी हिंसा हुई है।
गोरक्षक मोनू मानेसर ने एक दिन पहले जारी किया था वीडियो
बजरंग दल के सदस्य और गोरक्षक मोनू मानेसर ने यात्रा को लेकर एक दिन पहले ही वीडियो जारी किया था। इसमें अपील की थी कि सभी बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। नूंह के सभी मंदिरों में ज्यादा से ज्यादा संख्या में जाएं। मैं खुद यात्रा में शामिल रहूंगा। हमारी टीम भी शामिल होगी। इसके बाद पुलिस को अलर्ट किया गया था।
हालांकि, सोमवार को मोनू मानेसर नहीं पहुंचा। दरअसल मोनू मानेसर का नाम गोतस्करी के शक में राजस्थान के गोपालगढ़ के जुनैद व नासिर को जिंदा जलाकर मारने के मामले में शामिल था। राजस्थान पुलिस के कागजों में मोनू फरार है।
हरियाणा के नूंह में हिंसा में फंसे लोग अपने घरों सुरक्षित पहुंच गए हैं। नूंह में हिसार, भिवानी, करनाल, फतेहाबाद, अंबाला,पानीपत समेत कई जगहों से लोग ब्रजमंडल यात्रा में शामिल होने गए थे। अचानक हिंसा की वजह से कुछ फंस गए तो कुछ जान बचाकर वहां से भाग निकले। हिंसा से बचकर आए लोगों से दैनिक भास्कर ने बात की.