Dark Mode
दीपदान की रोशनी में जगमगाया लोकतंत्र का संकल्प, मातृशक्ति ने दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश

दीपदान की रोशनी में जगमगाया लोकतंत्र का संकल्प, मातृशक्ति ने दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश

 

बारां। पंचायती राज आम चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए जिलेभर में मतदाता जागरूकता की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर बालमुकुंद असावा तथा सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप शिवेंद्र प्रताप के निर्देशन में अटरू स्थित गणेश मंदिर परिसर में स्वीप दीपदान महोत्सव आयोजित किया गया। यहां दीपों की जगमगाहट, आकर्षक रंगोलियों और सामूहिक संकल्प के बीच लोकतंत्र के महापर्व में शत-प्रतिशत भागीदारी का संदेश गूंजा। कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वीप सह प्रभारी अमित भार्गव ने उपस्थित मतदाताओं के साथ गणेश कुंड पर आरती की। इसके पश्चात वोट की आकृति में सजाई गई दीपमाला के माध्यम से दीपदान कर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

दीपों की लौ से जगाई लोकतांत्रिक चेतना
इस अवसर पर स्वीप सह प्रभारी अमित भार्गव ने कहा कि दीपदान केवल आस्था और परंपरा का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक चेतना जगाने का माध्यम भी है। जिस प्रकार एक दीपक अनेक दीपों को प्रज्वलित कर अंधकार दूर करता है, उसी प्रकार प्रत्येक जागरूक मतदाता अपने परिवार और समाज को मतदान के प्रति प्रेरित कर लोकतंत्र को सशक्त बना सकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक मजबूती तभी सुनिश्चित होगी, जब प्रत्येक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेगा। उन्होंने मातृशक्ति से विशेष आग्रह किया कि वे मतदान के प्रति जागरूकता की इस मुहिम को घर-घर तक पहुंचाएं और परिवार के प्रत्येक सदस्य की मतदान में भागीदारी सुनिश्चित करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। इस दौरान उन्होंने उपस्थित जनसमूह को लोकतांत्रिक परंपराओं एवं संवैधानिक मूल्यों की मर्यादा बनाए रखने तथा धर्म, जाति, वर्ग, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना निर्भीक एवं निष्पक्ष मतदान करने की शपथ भी दिलाई।

रंगोली और दीपमाला में उभरे मतदान के रंग
महोत्सव में पारंपरिक चुनरी वेशभूषा में पहुंची महिला मतदाताओं ने आकर्षक रंगोलियां सजाईं। इनमें VOTE सहित मतदान जागरूकता से जुड़े संदेश उकेरे गए। दीपकों से सजी रंगोलियों और वोट की आकृति में सजाई गई दीपमाला ने पूरे परिसर को लोकतंत्र के उत्सवी रंग में रंग दिया। मातृशक्ति ने दीपदान के साथ शत-प्रतिशत मतदान के संकल्प को दोहराते हुए अन्य महिलाओं एवं परिवारजनों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में महिला सुपरवाइजर सुनीता मीणा, शिक्षक हरिओम मेरोठा, स्वीप सदस्य सहित मंदिर परिसर में उपस्थित मतदाता एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!