Dark Mode
बच्चों में निमोनिया की रोकथाम एवं प्रभावी उपचार के लिए सांस अभियान सांस अभियान 12 नवम्बर से 28 फरवरी तक संचालित किया जाएगा

बच्चों में निमोनिया की रोकथाम एवं प्रभावी उपचार के लिए सांस अभियान सांस अभियान 12 नवम्बर से 28 फरवरी तक संचालित किया जाएगा

जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं बाल मृत्यु दर में कमी लाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बताया कि प्रदेश में 5 वर्ष तक के बच्चों में निमोनिया की रोकथाम, प्रभावी उपचार एवं समुदाय को जागरूक करने के उद्देश्य से 12 नवम्बर से 28 फरवरी तक सांस अभियान संचालित किया जाएगा। साथ ही 15 से 21 नवम्बर तक राष्ट्रीय नवजात सप्ताह भी आयोजित किया जाएगा। प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ के मार्गदर्शन में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. जोगाराम द्वारा प्रदेशभर में सांस (SAANS) अभियान एवं राष्ट्रीय नवजात सप्ताह के प्रभावी क्रियान्वयन तथा इनसे संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मिशन निदेशक ने बताया कि सांस अभियान एवं राष्ट्रीय नवजात सप्ताह के दौरान आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्रदान करने के लिए गुरुवार को स्वास्थ्य भवन में निदेशक आरसीएच की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रदेशभर के सभी जिलों के जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला आशा समन्वयक, डीईआईसी समन्वयक, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, खंड कार्यक्रम प्रबंधक एवं चिकित्सा अधिकारी प्रभारी जुड़े। निदेशक आरसीएच डॉ. रोमेल सिंह ने बताया कि सांस अभियान के दौरान ‘निमोनिया नहीं तो बचपन सही’ की थीम पर विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। जिला स्तर पर सभी आरसीएचओ को अभियान का शुभारंभ करने के साथ-साथ जिला, ब्लॉक एवं सेक्टर स्तर तक कार्यरत कार्मिकों का आमुखीकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी अस्पतालों में उपचार प्रोटोकॉल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में आवश्यकतानुसार जांच उपकरणों एवं उपचार में काम आने वाली एंटीबायोटिक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि आशा सहयोगिनियों द्वारा घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों में निमोनिया के लक्षणों की पहचान एवं प्रारंभिक प्रबंधन किया जाएगा। साथ ही संभावित गंभीर मामलों को तत्काल चिकित्सा संस्थान पर रेफर करने, उपचार के बाद फॉलोअप करने तथा समुदाय स्तर पर व्यापक जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। परियोजना निदेशक बाल स्वास्थ्य डॉ. प्रदीप चौधरी ने बताया कि गंभीर निमोनिया के दौरान बच्चों में खांसी, तेज सांस चलना, बुखार तथा स्तनपान अथवा अन्य तरल पदार्थ नहीं पी पाना, उल्टियां होना एवं दौरे आने जैसे लक्षण सामने आते हैं। बच्चे का अत्यधिक सुस्त या बेहोश होना भी गंभीर निमोनिया के लक्षण हैं। बच्चों में ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी राजकीय अस्पताल या चिकित्सक से संपर्क कर समुचित उपचार करवाना आवश्यक है। बैठक में अतिरिक्त निदेशक आरसीएच, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, बाल स्वास्थ्य एवं डेवलपमेंट पार्टनर निपी के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!