Dark Mode
महंगाई के भस्मासुर ने किसी सरकार को नहीं बक्शा

महंगाई के भस्मासुर ने किसी सरकार को नहीं बक्शा

-बाल मुकुन्द ओझा
महंगाई ने जनसाधारण का जीना हराम कर रखा है, मगर हम लोग वोट चोरी, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन और चुनावी सियासत जैसे विषयों पर इस भांति मशगूल हो रहे है कि महंगाई के भस्मासुर के आगे अपने को असहाय या परास्त हुआ मानकर चल रहे है या इस बुनियादी समस्या के सामने अपने हथियार डाल दिए है। राजनीति हम पर इस कदर हावी हो गई है कि हमने हर जरुरत के विषय से अपना मुंह मोड़ लिया है। युवा जिसे हम आजकल जेन जी के नाम से सम्बोधित कर रहे है, उन्हें भी महंगाई का कोई डर नहीं सत्ता रहा है। लगता है महंगाई का अर्थशास्त्र हमारी समझ से परे है। एक वह भी समय था जब महंगाई के खिलाफ देश में लम्बे लम्बे आंदोलन चलते थे यहां तक कि भारत बंद को भी हमने देखा है, मगर अब महंगाई दोयम दर्ज़े तक सीमित होकर रह गई है। अथवा यूं कहे कहीं महंगाई है ही नहीं और हम यूं ही महंगाई का रोना रो रहे है। देश में आजादी के बाद से ही लोगों को महंगाई से दो दो हाथ करने पड़ रहे है। महंगाई के तांडव ने कभी भी किसी को नहीं बक्शा। जनता नहीं जानती कि यह महंगाई क्यों बढ़ रही है और कब तक बढ़ती रहेगी। मोदी राज में देश में महंगाई लगातार बढ़ती ही जा रही है। इसकी सबसे ज्यादा मार दिहाड़ी मजदूरों और गरीबों पर तो लाजिमी रूप से पड़ ही रही है साथ ही मध्यम वर्ग भी इसकी बेरहम मार से अछूता नहीं रहा है। हालाँकि भ्रष्टाचार पर कुछ हद तक लगाम लगाने में मोदी सरकार कामयाब रही है। मगर महंगाई के मोर्चे पर सरकार को आम आदमी के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। महंगाई दर बढ़ने का का अर्थ है कि वस्तुओं के दाम बढ़ेंगे। महंगाई दर में बढ़ोतरी के साथ रुपये की क्रय शक्ति घटेगी, जिससे खपत घटेगी और जीडीपी ग्रोथ पर नकारात्मक असर पड़ेगा, जिससे लक्ष्य अपनी राह से भटक सकता है।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक खानेपीने की चीजों की कीमत में हाल में काफी बढ़ोतरी हुई है। चावल, दाल, सब्जी, चीनी, फल, दूध, अनाज, खाद्य तेल, मसाले, मीट, अंडे और मछली की बढ़ी हुई कीमत में आम लोगों की गृहस्थी का बजट बिगाड़कर रख दिया है। इतना ही नहीं, हवाई किराया, जूलरी और घड़ियां, बाहर खाना-पीना, मोबाइल, फर्नीचर, किचन अप्लायंसेज और कपड़ों की कीमत पर भी महंगाई का असर देखने को मिला है। अक्टूबर 2026 में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 प्रतिशत पर पहुंच गई है. यह आंकड़ा आरबीआई की ओर से तय की गई मैक्सिमम टॉलरेंस लिमिट (6 फीसदी) को पार कर गया है। न्यू बेस सीरीज में पहली बार महंगाई इस स्तर पर पहुंची है। इस दौरान खाद्य महंगाई 8.9 फीसदी पहुंच गई। आंकड़ों के मुताबिक अक्तूबर में चावल की कीमत पिछले साल के मुकाबले 12.5 फीसदी बढ़ी है। इसी तरह मिलेट्स की कीमत में 38 प्रतिशत , ज्वार में 18.7 प्रतिशत तेजी आई। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, खुदरा महंगाई में लगातार 12वें महीने बढ़ोतरी दर्ज की गई है। महंगाई के आंकड़े ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में अलग-अलग रहे। महंगाई का असर देश के ग्रामीण इलाकों में ज्यादा देखा जा रहा है। अक्टूबर में ग्रामीण इलाकों में खुदरा महंगाई दर 6.63 फीसदी रही, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 5.41 फीसदी दर्ज की गई।
महंगाई की मार सबसे ज्यादा रसोई में प्रयोग होने वाले सरसों के तेल पर दर्ज की गई। 70 से 80 रुपये के बीच बिकने वाला यह तेल मौजूदा समय में 200 रुपये तक बिक रहा है। रिफाइंड व घी के दामों में भी बेहताशा वृद्धि हुई है। दूध के दाम भी बढ़ गए। डीजल के दामों में वृद्धि से माल धुलाई महँगी हो गई है जिसका सीधा असर हर चीज पर पड़ा है। अनाज, दाल-दलहन, चीनी, फल, सब्जी, इत्यादि आवश्यक वस्तुओं की कीमतें आसमान छू रही हैं। पेट्रोलियम पदार्थों ने जनता को दिन में तारे दिखा दिए है और खाने पीने की वस्तुओं ने रसोई को बिगाड कर रख दिया है।
खैर, सरकार द्वारा महंगाई का जिम्मेदार कभी यूक्रेन युद्ध, कभी ट्रम्प टैरिफ तो कभी खाड़ी युद्ध तो कभी मौसम और कभी फसल खराबे को ठहराकर अपने पल्ले झाड़ लिए जाते है। जनता जनार्दन को दो जून की रोटी आसानी से मिल जाये इसकी चिंता हर समय लगी रहती है। आज इस आलेख में हम आज़ादी के बाद से ही महंगाई पर कुछ विवेचना करना चाहते है। हालाँकि महंगाई ने नेहरू से लेकर मोदी तक किसी को नहीं बक्शा। नेहरू और इंदिरा के काल में समाजवादी और साम्यवादी संगठन महंगाई के विरुद्ध मोर्चा निकालते थे। संसद में एके गोपालन, भूपेश गुप्त, हिरेन मुखर्जी और ज्योतिर्मय बसु से लेकर मधु लिमये, जॉर्ज फर्नांडीज, नाथ पेई, मनीराम बागड़ी, राजनारायण आदि के भाषण आज भी संसद की कार्यवाही में दर्ज है। डॉ राम मनोहर लोहिया ने तीन आने पर गरीबों के जीवन बसर पर अपना ऐतिहासिक भाषण दिया था। अटल बिहारी वाजपेयी ने भी महंगाई पर अपने तीखे आरोपों से संसद को दहला दिया था। दिनकर, काका और निर्भय हाथरसी, शेल चतुर्वेदी सरीखे कवियों ने भी महंगाई के खिलाफ अपनी रचनाओं के माध्यम से धावा बोला था। कहने का मतलब है महंगाई हर दशक और काल में चर्चा का विषय रही है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!