मनुष्य शरीर भगवान के अनंत उपकारों का परिणाम- संत नारायणदास
ओसियां. श्री गोपाल गौशाला ओसियां में आयोजित श्री कृष्ण जन्मोत्सव पर रूँखड़िया बालाजी धाम के गोवत्स संत नारायणदास महाराज ने गौ पूजन व आरती के साथ भगवान श्री कृष्ण की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने गौसेवा कर जो शक्तियां प्राप्त की उसी के प्रभाव से बड़े-बड़े असुरों का संहार किया। साथ ही कहा कि यह मनुष्य शरीर भगवान के अनंत उपकारों का परिणाम है, इसे भगवान ने सभी प्राणियों की रक्षा के लिए बनाया है, हमें अपनी शक्ति व धन को जरूरतमंद एवं अबोल प्राणियों की रक्षा के निमित्त खर्च करके परमात्मा के उपकार को चुकाना चाहिए। भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड भारत सरकार के मानद पशु कल्याण प्रतिनिधि हरनारायण सोनी ने कहा कि हम हर जीव के साथ करुणा बरतें, पौराणिक काल से जानवरों के बारे में ध्यान रखा गया है, हर देवता के साथ वाहन के रूप में ये जीव मानव सभ्यता के लिए फायदेमंद थे। इसमें भी गाय को धार्मिक,आर्थिक व चिकित्सीय उपयोग व गुणों को देखते हुए मां का स्थान मिला है। इस अवसर पर राजस्थान गोसेवा आयोग के सदस्य भगवानदास राठी, संत सुगनदास, पपुराम देवड़ा,देवजी शर्मा,नथमल सोनी,पंडित सांवलराम ओझा, दिलीप सोनी, नंदकिशोर ओझा,हुक्मीचंद सोलंकी,हरनारायण सोनी, कमल ओझा,मोतीलाल सोनी,जीत शर्मा,मुरलीधर चांडक, कुन्नाराम जाणी, अशोक राठी, जितेंद्र सोनी,शांतिलाल श्रीमाली,लालसिंह राजपुरोहित,रामदेव तिवाड़ी,रिड़ाराम भील,डालाराम, पेमाराम, रेंवतराम सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति व गौशाला के कर्मचारी उपस्थित रहे।