बाजार हुए गुलजार, खरीदारों की लग रही भीड़,
अक्षय तृतीय आज अबूझ सावे पर होंगी सबसे अधिक शादियां
लक्ष्मणगढ़ । अक्षय तृतीय शुभ कार्यों सहित शादियों के लिए बड़ा मुहूर्त माना जाता है। यह मुहूर्त २२ मई आज है। ईद का त्यौहार भी होने के कारण बाजार गुलजार हो गए । शादियों की तैयारियों को लेकर बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। पिछले दो वर्षों मे अक्षय तृतीया पर कोरोना की पाबंदियों के बीच शादियां हुईं जिसमें सीमित लोगों और बिना मैरिज गार्डन के ही सभी रस्में घरों में हुई थीं। जिसका असर बाजार पर भी पड़ा था। अब फिर अक्षय तृतीया सावे एवं ईद के त्यौहार पर बाजार गुलजार हुआ है। अक्षय तृतीय पर ही उपखंड क्षेत्र में सैकड़ों से अधिक शादियां होंगी और कोई पाबंदी न होने के कारण मैरिज गार्डन, केटर्स, बैंड बाजे, ब्यूटीपार्लर सभी बुक हो चुके हैं। बड़ी संख्या में हो रही शादियों एवं ईद के त्यौहार की खरीदारी ग्राहकों के करने से व्यापारी खुश हैं। सुबह से ही बाजार में लोग खरीदारी करने पहुंचते हैं। और दोपहर में गर्मी के कारण भीड़ कम हो जाती है। लेकिन शाम से फिर भीड़ नजर आने लगती है। कपड़ा, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक, सराफा, जनरल स्टोर सभी जगह अच्छी बिक्री हो रही है। इलेक्ट्रॉनिक बाजार में कूलर, फ्रिज, एसी, वॉशिंग मशीन, टीवी की खरीद लोग कर रहे हैं।
सराफा व्यापारी ने बताया कि दो साल से सराफा व्यापार न के बराबर था। अक्षय तृतीय सहित अन्य मुहूर्तों में होने वाली शादी के लिए लोग खरीदारी कर रहे हैं। सोने, चांदी पर महंगाई का असर है, लेकिन फिर भी लोग कम वजन की ज्वेलरी खरीद रहे हैं।
टेंट संचालक लाइट, बैंड बाजे, कैटर्स आदि का कहना है कि पिछले वर्षों में शादियों के सीजन के समय ही कोरोना का असर ज्यादा हो जाता था, जिससे बुकिंग नहीं मिल रही थी। अब पर्याप्त बुकिंग मिल रही है।
इस वर्ष रबी सीजन की फसलों का उत्पादन अच्छा हुआ है। और मंडी में दाम भी अच्छे मिल रहे हैं, जिससे इसका असर बाजार में भी दिख रहा है। किसानों के पास रुपए होने से वह खरीदारी करने के लिए पहुंच रहे हैं।