सेठिया हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने बाजी मारी
बीदासर। भारतीय रिजर्व बैंक के तत्वावधान में मंगलवार को स्कूली छात्रों के लिए वित्तीय शिक्षा के प्रति जागरूकता सृजित करने के उद्देश्य से राजस्थान राज्य के प्रत्येक उपखंड स्तर पर शहरी राजकीय विद्यालयों में कक्षा 8, 9 और 10 में नियमित अध्ययरत विद्यार्थियों की क्विज प्रतियोगिता 9 मई को सुजानगढ़ में आयोजित की गई। चूरु जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक के अनुसार प्रत्येक उपखंड के पांच-पांच शहरी विद्यालयों के दो-दो विद्यार्थियों का ग्रुप बनाकर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बीदासर ब्लॉक प्रतियागिता प्रभारी एवम उप प्राचार्य डॉ. सरदार सिंह रेवाड़ ने बताया कि बीदासर उपखंड में राजकीय सेठ दुलीचंद सेठिया उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थी प्रथम स्थान पर रहे। विद्यालय के छात्र गौतम मोदी और शाकिर पुत्र अब्दुल हमीद ने अपनी प्रतिभा के बल पर क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, द्वितीय स्थान पर महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय बांठिया और तृतीय स्थान पर भंवरी देवी सुथार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीदासर के विद्यार्थी रहे। प्रथम स्थान पर रहे छात्रों को पुरस्कार स्वरूप 5 हजार, द्वितीय को 4 हजार, तृतीय स्थान वाले को 3 हजार रुपए और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान पर रहे विद्यार्थियों की जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता जून माह में आयोजित की जाएगी, तत्पश्चात राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित होंगी। प्रतियोगिता स्थल पर छात्रों के साथ प्रभारी के रूप में विकास गोस्वामी, गोपाल प्रसाद शर्मा, अरविंद कुमार, रामेश्वरलाल, विनोद कुमार शर्मा उपस्थित रहे। डॉक्टर सरदार सिंह रेवाड़ ने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली समस्त प्रतियोगिताओं में ज्यादा से ज्यादा छात्र-छात्राओं की उनकी रुचि के अनुसार सहभागिता सुनिश्चित की जाए जिससे विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हो सके और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल सके।