Dark Mode
कोटा में ढही तीन मंजिला इमारत, मची अफरा-तफरी, दो की मौत

कोटा में ढही तीन मंजिला इमारत, मची अफरा-तफरी, दो की मौत

कोटा। कोटा शहर के तलवंडी क्षेत्र में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर पड़ी। हादसे के वक्त इमारत में रेस्टोरेंट चल रहा था, जहां कर्मचारी और ग्राहक मौजूद थे। अचानक हुए इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। मलबे में फंसे लोग मदद के लिए आवाजें लगा रहे थे। कहीं हाथ दिख रहा था तो कहीं पैर। करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान में एक-एक कर सभी घायलों को बाहर निकाला गया।

रेस्क्यू के दौरान एसडीआरएफ का एक जवान भी घायल हो गया। बचाव दल ने मलबे के नीचे दबे एक युवक को हाथ पकड़कर बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पूरा इलाका चीख-पुकार और सायरन की आवाजों से गूंज उठा था।

हादसे में जान गंवाने वालों में पश्चिम बंगाल का रहने वाला 20 वर्षीय कोचिंग छात्र आर्यन और एक 15 वर्षीय किशोर शामिल है। गंभीर रूप से घायल रेस्टोरेंट मालिक समेत आठ लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है, जबकि पांच को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

प्रशासन के अनुसार, इमारत के पीछे चल रहे निर्माण कार्य के कारण लगातार कंपन हो रहा था, जिससे हादसे की आशंका जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले तेज धमाके जैसी आवाज आई और फिर पूरी इमारत गिर गई।

जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। हादसे के बाद मंत्री, अधिकारी और जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लोगों में दहशत बनी हुई है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!