‘आज के शासक अंग्रेजों से भी बदतर‘: केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह और समाज सुधारक भीमराव आंबेडकर की विरासत का अनादर करने का आरोप लगाया। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने सत्तारूढ़ भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘आज के शासक अंग्रेजों से भी बदतर हैं।’ केजरीवाल यहां आप के ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे और राष्ट्रीय राजधानी में विधानसभा चुनाव हारने के बाद यह उनकी दिल्ली में पहली सार्वजनिक उपस्थिति थी। केजरीवाल ने कहा कि उनकी पार्टी सत्ता के लिए नहीं बल्कि भगत सिंह और आंबेडकर के सपनों को साकार करने के लिए राजनीति में आई है। आप के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने दिल्ली में अपनी पार्टी की हालिया चुनावी हार की तुलना महाभारत के चक्रव्यूह में अभिमन्यु के फंसने और धोखा खाने से की।
उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस तरह अभिमन्यु ने बहादुरी से लड़ाई लड़ी, उसी तरह आप और अधिक मजबूती के साथ फिर से उभरेगी। शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि देने के लिए आप मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में मनीष सिसोदिया, सांसद संजय सिंह, दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी, पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय, विधायक, पार्षद और पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं सहित आप के वरिष्ठ नेता शामिल हुए।केजरीवाल ने कहा, ‘‘हमारे आदर्श बाबासाहेब आंबेडकर और भगत सिंह हैं।
भगत सिंह कहते थे कि सिर्फ अंग्रेजों को हटाना ही काफी नहीं है, समाज का ढांचा बदलना होगा। नहीं तो गोरे अंग्रेज तो चले जाएंगे लेकिन काले अंग्रेज आ जाएंगे।’’केजरीवाल ने कहा, ‘‘बिलकुल यही हुआ है। आज के शासक अंग्रेजों से भी बदतर हैं।’’ उन्होंने कहा कि दिल्ली में सत्ता संभालने के 48 घंटे के भीतर ही भाजपा ने सरकारी दफ्तरों से भगत सिंह और आंबेडकर की तस्वीरें हटा दीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले उनकी तस्वीरें लगाए जाने की निंदा की थी, लेकिन जब भाजपा ने उन्हें हटाया तो वह चुप रही।