ट्रैक्टर ने बाइक सवार पिता पुत्र को मारी टक्कर, पिता की मौत
धौलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में बनवारी का अड्डा गांव के पास एक ट्रैक्टर ने बाइक सवार पिता पुत्र को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक पर सवार अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे इलाज के लिए लेकर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ने अधेड़ को मृत घोषित करते हुए शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
बाइक सवार सुरेश (29) निवासी रानोली थाना मनियां ने कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराते हुए बताया कि वह बाइक से अपने पिता रामचरण को लेकर बहन के घर गया था। बहन से मिलने के बाद मंगलवार सुबह 5 बजे दोनों पिता पुत्र बाइक से वापस अपने गांव की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आते तेज गति के ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिस हादसे में बाइक पर सवार पिता रामचरण गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। पोस्टमार्टम के बाद मृतक के शव को परिजनों को सुपुर्द करते हुए पुलिस ने मौके से फरार ट्रैक्टर की तलाश शुरू कर दी है।