हनी ट्रैप मामले में 3 साल से फरार चल रहे दो आरोपी गिरफ्तार
सवाई माधोपुर। महिला से फोन कराकर अधेड़ को गंगापुर सिटी बुला हनी ट्रैप में फांस कर 8 लाख रुपए ऐंठने के मामले में उदई मोड़ पुलिस टीम ने करीब 3 साल से फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले भी इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
एसपी हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया कि 21 नवंबर 2020 को गांव अतेवा थाना कैलादेवी करौली निवासी अमर चंद बेरवा (49) द्वारा घटना के संबंध में एक परिवाद दिया था। आरोप था उसे अज्ञात महिला से फोन करवाकर गंगापुर सिटी बुलाया गया। जहां उसे कमरे में बंद कर जबरदस्ती महिला के साथ अश्लील वीडियो बनाकर मारपीट की गई। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बदमाशों ने 8 लाख रुपए ऐंठ लिए।
एसपी अग्रवाल ने बताया कि मामले में पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वांछित चल रहे दो आरोपी फारुख तेली पुत्र राजू (32) और दीपक मीणा पुत्र अमर सिंह (23) निवासी थाना सपोटरा जिला करौली को एसएचओ भरत सिंह मय टीम द्वारा सालोदा मोड गंगापुर सिटी से गिरफ्तार किया गया है।