नागौर में दो ट्रेलर भिड़े, एक ड्राइवर जिंदा जला, 2 गंभीर घायल
मेड़ता. नागौर जिले के मेड़ता में सोमवार सुबह 9.20 बजे दो ट्रेलर की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। भिड़ंत के बाद दोनों ट्रेलर भभक उठे। एक ट्रेलर का ड्राइवर हादसे में जिंदा जल गया। जबकि दूसरे ट्रेलर का ड्राइवर और एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। जिन्हें नागौर के जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। हादसा नागौर के मेड़ता सिटी कस्बे के चिमरानी गांव की सरहद पर हुआ। हादसा इतना भयानक था कि टक्कर और फिर टैंकर का डीजल टैंक फटने की आवाज दूर तक सुनाई दी।
हादसे के कारणों का खुलासा नहीं
नेशनल हाइवे-62 पर बीच में डिवाइडर नहीं है। जोधपुर की तरफ से आ रहे ट्रेलर की नागौर की ओर से आ रहे ट्रेलर के साथ जोरदार भिड़ंत हुई। हादसे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। क्योंकि दोनों ट्रेलर में सवार एक का ड्राइवर जिंदा जल गया, जबकि दूसरा अभी गंभीर रूप से घायल है।
भिड़ंत के बाद फटे दोनों ट्रेलर के डीजल टैंक
टक्कर के बाद दोनों ट्रेलर के टैंक फट गए, जिससे दोनों में आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए नागौर से फायर ब्रिगेड पहुंची। सुबह 11.30 बजे तक नागौर, खींवसर पुलिस मौके पर मौजूद थी। फिलहाल, दोनों वाहनों को सड़क से हटाने की कार्यवाही की जा रही है। बता दें कि चिमरानी के पास जिस जगह हादसा हुआ है। वहां ब्लैक स्पॉट पॉइंट चिन्हित है। पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं। सोमवार को हुए हादसे के बाद हाईवे के दोनों तरह वाहनों की लंबी कतारें लग गई।