Dark Mode
नशे और मौज-मस्ती के लिए दुपहिया वाहन चुराने वाला गिरफ्तार

नशे और मौज-मस्ती के लिए दुपहिया वाहन चुराने वाला गिरफ्तार

जयपुर। हरमाड़ा थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चुराने वाले एक शातिर वाहन चोर घनश्याम गुर्जर (23) निवासी बरोनी जिला टोंक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक बाइक भी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी डकैती, चोरी और एससी/एसटी एक्ट समेत सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि थानाधिकारी नरेंद्र भडाणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस ने घनश्याम गुर्जर को चोरी की मोटरसाइकिल सहित दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और नशे तथा मौज-मस्ती का खर्च पूरा करने के लिए वाहन चोरी करता था। वह पार्किंग स्थलों और सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों की पहले रेकी करता था। इसके बाद मौका देखकर वाहन चोरी कर लेता और मुख्य मार्गों के बजाय अंदरूनी रास्तों से उन्हें ले जाता था। चोरी किए गए वाहनों को बाद में औने-पौने दाम में बेच देता था।
पुलिस के अनुसार घनश्याम गुर्जर के खिलाफ टोंक जिले के अलीगढ़, कोतवाली और बरोनी तथा जयपुर के मालपुरा गेट थाने में डकैती की धारा 395 आईपीसी, एससी/एसटी एक्ट तथा चोरी की धारा 379/411 आईपीसी सहित कुल सात आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और अन्य वाहन चोरी की वारदातों तथा उसके नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!