Dark Mode
भाजपा सरकार के कारण देश में बेरोजगारी बढ़ी : मनीष तिवारी

भाजपा सरकार के कारण देश में बेरोजगारी बढ़ी : मनीष तिवारी

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों के दौरान देश में बेरोजगारी सबसे अधिक बढ़ी है और देश के 70 करोड़ लोग बेरोजगार हैं जो कुल आबादी का आधा हिस्सा हैं।

चंडीगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार तिवारी ने यहां लोगों को संबोधित करते हुए कहा, आज देश में बेरोजगारी पिछले 45 वर्षों में सबसे अधिक है। उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि कैसे नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने से पहले हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था और इस लिहाज से अब तक 20 करोड़ लोगों को नौकरियां मिल जानी चाहिए थी।

उन्होंने दावा किया कि इसके उलट देश में बेरोजगारी सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार नौकरियां देने के प्रति इच्छुक नहीं है। उन्होंने कहा कि वह विभिन्न सरकारी विभागों में लंबित 30 लाख रिक्तियों को आसानी से भर सकते थे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) सत्ता में आने के बाद सबसे पहले लंबित इन 30 लाख रिक्तियों को भरेगा। एकमात्र चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर एक जून को मतदान होगा।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!