स्कूल में धर्मांतरण की सूचना पर हंगामा
धौलपुर। एक मिशनरी स्कूल में धर्म परिवर्तन की सूचना पर बजरंग दल और विहिप के कार्यकर्ता पहुंच गए। इसके बाद वहां हंगामे जैसी स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामला जिले के बाड़ी क्षेत्र का है। शहर के एबेनेजर मिशन स्कूल में रविवार को धर्म परिवर्तन की सूचना पर हंगामा खड़ा हो गया। सूचना मिलने पर बाड़ी सीओ महेंद्र कुमार, कोतवाली एसएचओ लक्ष्मण सिंह और चौकी प्रभारी राजेंद्र गिरी मौके पर पहुंचे। विहिप के नगर इकाई अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र गुलपारिया, बजरंग दल के संयोजक भूरा पहलवान और सह संयोजक समीर गोस्वामी ने आरोप लगाते हुए कहा कि दोपहर 1 बजे शहर में गुप्त रूप से धर्मांतरण के काम कराए जाने की सूचना मिली थी। जिस पर करीब 2 बजे सभी स्कूल पहुंचे। जहां बस्ती और ग्रामीण क्षेत्र की एक दर्जन महिलाएं और पुरुष स्कूल में बाइबिल के साथ प्रार्थना कर रहे थे और उन्हें बाइबिल को सर्वश्रेष्ठ बताते हुए हर बीमारी का उपचार दिए जाने का आश्वासन दिया गया था। जब विहिप पदाधिकारियों ने महिलाओं से जानकारी ली तो उन्होंने बताया कि हां हमको यहां बाइबल पढ़ाई जा रही है। बाइबिल के महत्व की भी दीक्षा दी जा रही है। हमने अपने घरों में बाइबिल ले जाकर रखी है। मामले को लेकर जब स्कूल की संचालिका जूली मैथ्यू से जानकारी ली तो उन्होंने धर्मांतरण को लेकर स्पष्ट मान कर दिया। पूरे मामले में विहिप के पदाधिकारियों ने हंगामा खड़ा करते हुए पुलिस को सूचना दी। विहिप और बजरंग दल का आरोप है कि स्कूल संचालिका कई वर्षों से यह काम कर रही है और स्कूल की आड़ में यह धर्मांतरण कराया जा रहा है। पूरे मामले को लेकर पुलिस अधिकारी जांच में जुटे हैं।
मामले को लेकर बाड़ी सीओ महेंद्र कुमार का कहना है की प्रथम दृष्टया मौके पर धर्मांतरण जैसा कोई मामला सामने नहीं आया है। स्कूल में प्रार्थना सभा हो रही थी। जिसमें क्रिश्चियन धर्म के ही कुछ लोग थे। एक-दो लोग जरूर हिंदू धर्म के थे, जिनको लेकर पूछताछ की गई, तो धर्मांतरण जैसी बात सामने नहीं आई है। फिर भी चौकी प्रभारी राजेंद्र गिरी को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं और लगातार वॉच के साथ हर संडे को स्कूल में होने वाली यह गतिविधि नहीं हो इसको लेकर भी निर्देश दिए हैं।