वसुंधरा बोली, राजस्थान में कांग्रेस की सरकार डूबता जहाज
उदयपुर। भाजपा नेता तथा राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार डूबता जहाज है। ऐसे में सब खुद को बचाने जहाज से कूदकर भागने लगते हैं। वसुंधरा सोमवार को धरियावद के पूर्व विधायक दिवंगत गौतमलाल मीणा की मूर्ति के अनावरण कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही गहलोत के करीबी नेताओं में भगदड़ मचने वाली है। वह जानते हैं कि मौजूदा सरकार अब डूबता जहाज है। इससे बचने में ही भलाई है।
बिजली नहीं, बिलों में आ रहा करंट
वसुंधरा राजे ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की घोषणाओं को झूठ का अंबार बताया। किसानों को बिजली नहीं मिल रही लेकिन बिजली के बिलों में 100 यूनिट माफ करने की घोषणा कर प्रदेश की जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि गहलोत बिजली की बजाय बिलों में करंट देने का काम कर रही है।
कॉलेज का नाम स्व. गौतम के नाम नहीं किया
वसुंधरा राजे ने कहा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दिवंगत विधायकों के नाम क्षेत्र के सरकारी कॉलेज का नामकरण उनके नाम से करने की घोषणा की थी लेकिन धरियावद में उसे लागू नहीं किया। धरियावद या लसाड़िया के सरकारी कॉलेज का नाम स्वर्गीय गौतमलाल के नाम किए जाना चाहिए। उन्होंने मंच से वादा किया भाजपा की सरकार आने पर वह पहला काम यही करेंगी। उन्होंने इसे अपनी जिम्मेदारी भी बताया।
उप चुनाव की घोषणाएं अधूरी
वसुंधरा राजे ने गहलोत सरकार पर झूठे वादे करने का आरोप लगाते हुए कहा कि धरियावद में जब उपचुनाव हुए तब गहलोत ने मुंगाणा को तहसील तथा पंचायत समिति बनाए जाने की घोेषणा की थी लेकिन आज तक उसे पूरा नहीं किया। इसी तरह क्षेत्र के विकास के लिए अन्य कई घोषणाएं की लेकिन कोई भी वादा नहीं निभाया।
उदयपुर के शिव मंदिर में किया रूद्राभिषेक
लसाड़िया में दिवंगत विधायक के प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम से पहले पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शिव मंदिर पहुंची तथा वहां रूद्राभिषेक किया। जिसके बाद वह स्थानीय भाजपा नेताओं तथा कार्यकर्ताओं से भी मिलीं। उन्होंने पार्टीजनों को कहा कि अब साल 2003 व 2013 को दोहराने का वक्त आ चुका है।
दिवंगत विधायक की पत्नी को अपने पास मंच पर बिठाया
दिवंगत विधायक मीणा के मूर्ति अनावरण करते दौरान राजे की आंखें नम हो गई। सभा में भी कहा कि गौतमलाल को कभी उदास व नाराज नहीं देखा, हमेशा हंसते हुए देखा। गौतम और मेरा भाई-बहन का रिश्ता था। राजे ने दिवंगत विधायक की पत्नी हीरा देवी मीणा को मंच पर अपने पास बिठाया। राजे का लसाड़िया पहुुंचने पर दिवंगत गौतम मीणा के बेटे कन्हैयालाल मीणा और पार्टी के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी नहीं पहुंच पाए थे, ऐसे में उन्होंने वर्चुअली संबोधित किया। कार्यक्रम में धोलागढ़ मठ के पीठाधीश्वर योगी प्रकाश नाथ महाराज, उदयपुर सांसद अर्जुन लाल मीणा, पूर्व यूडीएच मंत्री श्रीचंद कृपलानी, विधायक गोपीचंद मीणा, अर्जुन लाल जीनगर, ललित ओस्तवाल, हरेंद्र निनामा, पूर्व प्रदेश मंत्री कन्हैयालाल मीणा, पूर्व विधानसभाध्यक्ष शांतिलाल चपलोत, प्रदेश उपाध्यक्ष चुन्नीलाल गरासिया, प्रमोद सामर, उप जिला प्रमुख पुष्कर तेली, पूर्व देहात जिलाध्यक्ष भंवर सिंह पंवार, लसाड़िया प्रधान लीला देवी मीणा, फतह सिंह झाला, लसाड़िया मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह झाला आदि उपस्थित थे।