ग्रामीणों ने किया मोदी की गारंटी गाड़ी का भव्य स्वागत
बालोतरा। राजस्थान के विकास से राष्ट्र के विकास की और अग्रसर 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' के अंतर्गत जनसहभागिता के माध्यम से आमजन को भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर घर-घर, गाँव-गाँव जाकर लाभान्वित किया जा रहा है। 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' के तहत बुधवार को 'मोदी जी की गारंटी' नाम से लोकप्रिय आईसी वैन माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जनता के नाम प्री-रिकॉर्डेड वीडियो संदेश एवं प्रमुख जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से संबन्धित जनजागरूकता संदेश को लेकर जिले में निर्धारित रूट मेप के अनुसार कल्याणपुर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत देवरिया और खिपली खेड़ा तथा सिवाना पंचायत समिति की ग्राम पंचायत पादरली कल्ला और भीमगोड़ा पहुंची।
अतिरिक्त जिला कलक्टर अश्विनी के पंवार ने बताया कि प्रगति के पथ पर राजस्थान के ध्येय को साकार कर रही विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत जनसहभागिता के माध्यम से आमजन को भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर घर-घर, गाँव-गाँव जाकर लाभान्वित किया जा रहा है। साथ ही प्रमुख योजनाओं से संबन्धित गतिविधियों क्विज, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आमजन जोश एवं उत्साह के साथ भाग ले रहें हैं और विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जा रहा है। 'मोदी जी की गारंटी' के नाम से लोकप्रिय हो रहे इन जागरूकता रथों के पहुँचने पर संबन्धित ग्राम पंचायतों में आमजन नाच-गाकर, खुशियाँ मनाकर भव्य स्वागत कर रहें हैं।
उन्होंने बताया कि 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' वंचित वर्ग के लिए सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने का जमीनी स्तर पर कार्य कर रही है। इस अभियान का उद्देश्य माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे आयुष्मान भारत – पीएमजेएवाई, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना - राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), प्रधानमंत्री पोषण अभियान, 'हर घर जल' - जल जीवन मिशन, गांवों का सर्वेक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों में उन्नत प्रौद्योगिकी के साथ मानचित्रण (स्वामित्व), जन धन योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री प्रणाम योजना, नैनो उर्वरक योजना आदि के प्रति जनजागरूकता फैलाना और जनसहभागिता के माध्यम से उन्हें अंतिम पंक्ति के वंचित वर्ग तक पहुंचाना है।
उपखंड अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि आईसी वेनों के पहुँचने पर संबन्धित ग्राम पंचायतों में जनप्रतिनिधियों, स्वागत समिति के सदस्यों, विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं लाभार्थियों द्वारा पूरे जोश एवं उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया जा रहा है। स्वागत के पश्चात आईसी वैन की एलईडी स्क्रीन पर माननीय प्रधानमंत्री का "प्री-रिकॉर्डेड वीडियो संदेश" प्रदर्शित किया जा रहा है। उसके बाद भारत सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से संबन्धित ऑडियो-विजुअल सामग्री एवं ब्रोशर, पैम्फलेट और बुकलेट तथा लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों आदि के माध्यम से जिलेवासियों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाकर तुरन्त ही मौके पर वंचित पात्र व्यक्तियों को संबन्धित योजनाओं से जोड़ा भी जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान 'मेरी कहानी मेरी जुबानी' के तहत विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों ने इन योजनाओं से जुड़े अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया।
इस अवसर पर 'धरती कहे पुकार के' स्वच्छता गीत का लोक कलाकारों द्वारा गायन किया गया। वहीं भारत को विश्व के विकसित राष्ट्रों में अग्रणी राष्ट्र के तौर पर शुमार करने में जिलेवासियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ‘विकसित भारत संकल्प’ की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रधान एवं सरपंच, विकास अधिकारी सहित अन्य संबन्धित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, लोक कलाकार एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।