Dark Mode
मतदाता संवाद एवं टॉक शो का हुआ आयोजन

मतदाता संवाद एवं टॉक शो का हुआ आयोजन

टोंक। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) डॉ. ओमप्रकाश बैरवा ने मतदाता संवाद एवं टॉक शो का आयोजन करके जिले के मतदाताओं को मतदान दिवस 25 नवंबर को अधिकाधिक मतदान करने का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एक-एक वोट का महत्व होता है, इतिहास गवाह है कि अनेक बार एक वोट ही निर्णायक साबित हुआ है। संवाद कार्यक्रम के दौरान नोडल अधिकारी स्वीप देशलदान मौजूद रहे। मौलाना अबुल कलाम आजाद अरबी-फारसी शोध संस्थान (एपीआरआई) में बुधवार को आयोजित मतदाता संवाद कार्यक्रम (स्वीप) में जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं को मतदान से जुड़ी वह सारी जानकारियां दी जो लोकतंत्र को मजबूत करने में आवश्यक है। उन्होंने नव-मतदाताओं के द्वारा पूछे गये सवालों का सरल ढंग से जवाब दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने छात्रा करिश्मा सिंधी द्वारा पूछे गये सवाल, क्या मतदान के लिए मतदाता निर्वाचन फोटो पहचान पत्र का होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि कोई भी मतदाता निर्वाचन फोटो पहचान पत्र की उपलब्धता के अभाव में भी मतदाता वैकल्पिक पहचान दस्तावेज दिखाकर वोट डाल सकते है। उन्होने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने 12 वैकल्पिक दस्तावेज आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, ड्राइविंग लाईसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटो युक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र और राज्य सरकार, लोक उपक्रम, सार्वजनिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंक/डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के तहत आरजीआई द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, सांसदों/विधायकों/एमएलसी को जारी किए गए आधिकारिक पहचान पत्र और भारत सरकार के सामाजिक न्याय मंत्रालय द्वारा दिव्यांगजनों को जारी यूनिक डिसेबिलिटी आईडी कार्ड को शामिल किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी से छात्र सत्यजीत ने बीएलओ की जिम्मेदारियों, छात्रा मिताली मतदान दिवस पर सुरक्षा को लेकर किए गये इंतजाम, छात्रा निधि साहू वोटर इंफोर्मेशन स्लिप, शिक्षिका लता कंवर ने मतदाता द्वारा डाले गये वोट के सत्यापन एवं छात्रा अलिशा ने दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के लिए दी गई सुविधाओं के बारे में जानकारी चाही। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पूछे गये सवालों का विस्तार से जवाब दिया। संवाद कार्यक्रम में चुनाव से संबंधित प्रश्नोत्तरी के माध्यम से मतदाताओं से सवाल किए गए एवं सही जवाब देने वालों को पुरस्कार दिये गए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग मतदाताओं की सुविधा एवं सहायता के लिए तकनीक का सहारा लेकर विभिन्न ऐप्स का संचालन कर रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में सी-विजिल ऐप पर 14 सौ शिकायतें प्राप्त हुई थी, जिनका निस्तारण समय पर किया गया है। उन्होंने कहा कि मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि इन शिकायतों के निस्तारण का औसत समय 17 मिनट रहा। जिले में 51 हजार से अधिक वोटर पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस बार भारत निर्वाचन आयोग द्वारा किए गये नवाचार मतदाता को दी जाने वाली वोटर गाईड का जिले में 96 फीसदी किया जा चुका है। मतदाता संवाद कार्यक्रम का संचालन कवि प्रदीप पंवार, वरिष्ठ शिक्षक एवं मास्टर ट्रेनर विमल जैन ने किया। इस मौके पर विभिन्न वर्गों के मतदाता, एपीआरआई के निदेशक मुजीब अता आजाद, डीआईओ रमेश चंद जैन, सीडीईओ पन्नालाल बैरवा, पीआरओ अपूर्व शर्मा, सीओ स्काउट गाईड गिरिराज शर्मा, महिला एवं बाल विकास की उप-निदेशक सरोज मीणा, सीडीपीओ संगीता दीपक, किरण मीणा, एडीईओ चौथमल चौधरी, हीरालाल जाट, स्वीप सदस्य राजूलाल शर्मा, नरेंद्र शर्मा, गोपाल शर्मा, शैलेंद्र शर्मा, रघु शर्मा, ताराचंद शर्मा सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
आमंत्रण पत्र का किया विमोचन
’’भेज रहे है स्नेह निमंत्रण, मतदाता तुम्हें बुलाने को 25 नवंबर भूल न जाना, वोट डालने आने को’’ जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) डॉ. ओमप्रकाश बैरवा ने जिले के सभी मतदाताओं को इस आमंत्रण पत्र के माध्यम से 25 नवंबर को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्र पर सपरिवार आमंत्रित किया है। जिसमें मतदान का समय प्रात: 7 से सायं 6 बजे रखा गया है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!