Dark Mode
स्कूलों में चला वोटिंग जागरूकता अभियान, छात्रों ने दिया मतदान का संदेश

स्कूलों में चला वोटिंग जागरूकता अभियान, छात्रों ने दिया मतदान का संदेश

बालोतरा। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव के निर्देशन तथा स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के विभिन्न राजकीय एवं निजी विद्यालयों में व्यापक स्तर पर मतदाता जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को आमजन तक मतदान का महत्व पहुंचाने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर विद्यालयों के विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता रैली निकालकर लोगों को आगामी चुनाव में अधिकाधिक मतदान करने का संदेश दिया। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता तख्तियां एवं बैनर लेकर “पहले मतदान, फिर जलपान”, “मतदान है अधिकार हमारा, लोकतंत्र का यही सहारा” तथा “शत-प्रतिशत मतदान करें, मजबूत लोकतंत्र का निर्माण करें” जैसे नारों के माध्यम से नागरिकों को मतदान के प्रति प्रेरित किया।
विद्यालय परिसरों में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, निबंध लेखन, भाषण एवं स्लोगन लेखन जैसी विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपने रचनात्मक कार्यों के माध्यम से मतदान के महत्व, मतदाता के अधिकार एवं लोकतंत्र में जनभागीदारी की भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने आकर्षक चित्रों और संदेशों के माध्यम से मतदान जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को मतदान शपथ भी दिलाई गई। सभी ने लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए स्वयं मतदान करने तथा अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से विद्यालय स्तर पर प्रतीकात्मक मतदान का आयोजन भी किया गया। इस दौरान मतदान केंद्र की व्यवस्था, मतदाता पहचान, मतदाता सूची, मतदान प्रक्रिया तथा मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मतदान की प्रक्रिया को समझा और लोकतांत्रिक व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
स्वीप कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि विद्यालयों में आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ना तथा उनके माध्यम से परिवार एवं समाज में मतदान के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। विद्यार्थियों द्वारा दिए गए जागरूकता संदेशों से समाज में मतदान के प्रति रुचि बढ़ेगी तथा आगामी चुनावों में अधिकाधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
जिलेभर में आयोजित इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए शत-प्रतिशत मतदान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!