राजस्थान में मौसम का बदला मिजाज : दिन में गर्मी, रात में बढ़ने लगी ठंड
जयपुर। राजस्थान में सर्दी ने धीरे-धीरे दस्तक देना शुरू कर दिया है। हालांकि दिन के समय धूप निकलने से लोगों को अभी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन रात और सुबह के वक्त ठंडक महसूस होने लगी है। प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है। वहीं, दिन का पारा अब भी 30 डिग्री के पार बना हुआ है।
गुरुवार को माउंट आबू प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा। यहां न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फतेहपुर में 12.5, सीकर में 13.2, सिरोही में 13.4, नागौर में 14.1, उदयपुर में 14.4 और चित्तौड़गढ़ में 15.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। दूसरी ओर बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा।
अगले एक सप्ताह तक साफ रहेगा आसमान
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में फिलहाल बारिश की गतिविधियां कम रहने की संभावना है। अगले सात दिनों तक अधिकांश इलाकों में आसमान साफ रह सकता है। दिनभर धूप खिलने के कारण कुछ शहरों में अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी देखने को मिल सकती है।
दिन और रात के तापमान में बना रहेगा अंतर
मौसम विभाग के अगले दो सप्ताह के पूर्वानुमान के मुताबिक दिन का तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है, जबकि रात का तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है। ऐसे में दिन और रात के मौसम में अंतर बना रहेगा।
मौसम के इस बदलाव के साथ सुबह और देर रात ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने के आसार हैं। फिलहाल प्रदेशवासियों को दिन में गर्मी और रात में ठंड के मिले-जुले मौसम का सामना करना पड़ेगा।