जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित, संपर्क पोर्टल एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा
भीलवाड़ा। जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित प्रकरणों तथा सरकारी पोर्टलों पर लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर श्री संधू ने संपर्क पोर्टल पर दर्ज लंबित प्रकरणों की बारीकी से समीक्षा करते हुए कहा कि इससे जुड़े प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण गुणवत्ता एवं समयसीमा दोनों का ध्यान रखते हुए किया जाए। उन्होंने पीएचईडी, पंचायती राज एवं नगरीय निकाय सहित उन विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया जिनके अधिक प्रकरण लंबित हैं कि वे प्रकरणों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण पर विशेष ध्यान दें। जिला कलेक्टर श्री संधू ने ई-फाइल, ई-डाक प्रणाली, एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि डिजिटलीकरण की दिशा में जिले को अग्रणी बनाये रखने के लिए ई-फाइल एवं ई-डाक की लंबित फाइलों का त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यक्षेत्र में जनसंतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) डॉ हरीतिमा, जिला परिषद सीईओ श्री चंद्रभान सिंह भाटी, नगर विकास न्यास के ओएसडी श्री पुनीत गेलड़ा सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।