Dark Mode
महिला व दिव्यांग पीठासीन अधिकारियों ने सीखा मतदान कराने का तरीका

महिला व दिव्यांग पीठासीन अधिकारियों ने सीखा मतदान कराने का तरीका

बारां। विधानसभा चुनाव के अन्तर्गत जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में 25 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए मतदान दलों में नियुक्त पीठासीन व मतदान अधिकारियों के प्रशिक्षण में सामान्य पीठासीन व मतदान अधिकारियों के साथ महिला व दिव्यांग पीठासीन व मतदान अधिकारियों तथा माइक्रो ऑब्जर्वर को भी प्रशिक्षित किया गया।
बटावदा स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में चल रहे प्रशिक्षण के दौरान केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक कौशिक हलदर (बारां-अटरू, किशनगंज), सशाधर नायक (अंता) व जिला निर्वाचन अधिकारी व कलक्टर नरेन्द्र गुप्ता ने सभी को जिले में स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव में निष्ठा से अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिले में 32 मतदान केंद्रों पर नियोजित होने वाली महिला कार्मिक व चार मतदान केंद्रों पर दिव्यांग कार्मिक पूरे आत्मविश्वास के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करें और निर्वाचन विभाग की ओर से लोकतंत्र के इस उत्सव में आप पर किए गए भरोसे पर पूरी तरह खरे उतरें। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर निर्वाचन विभाग की टीम आप के सहयोग के लिए हमेशा तैयार रहेंगी। उन्होंने कहा कि चुनाव में मतदान करवाना एक जिम्मेदारी एवं चुनौतीपूर्ण कार्य है जिसे पूरी सजगता के साथ करना चाहिए। निर्वाचन विभाग की ओर से जारी किए गए दिशानिर्देशों व आदेशों का ठीक प्रकार से अध्ययन कर अपने दायित्वों के प्रति पूरी तरह आश्वस्त हों। किसी भी प्रकार की शंका होने पर उच्चाधिकारियों से समाधान प्राप्त करें। मतदान केन्द्रों पर मतदाता की पहचान सुनिश्चित करने से लेकर मत डालने तक के कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूर्ण कराएं। सभी प्रकार के प्रपत्रों, दस्तावेजों, रजिस्टरों का ठीक प्रकार से संधारण करें। मतदान से पूर्व व मतदान के पश्चात किए जाने वाले कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करें। प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी कृष्णा शुक्ला ने प्रशिक्षण को लेकर की गई व्यवस्थाआंे के बारे में जानकारी दी। प्रशिक्षण में 200 महिला पीठासीन व मतदान अधिकारी तथा 150 माइक्रो आब्जर्वर सहित अन्य अधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। दक्ष प्रशिक्षकों की टीम ने मतदान का सैद्धांतिक व प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रशिक्षण कक्षों का अवलोकन किया तथा महिला व दिव्यांग सम्भागियों को सुव्यवस्थित ढंग से मतदान सम्पन्न करवाने के सम्बन्ध में निर्देशित करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। पुरूष, महिला, दिव्यांग मतदान अधिकारी द्वितीय व तृतीय का प्रशिक्षण शनिवार से प्रारंभ होगा।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!