बालोतरा में महिलाओं ने थामा जागरूकता का मोर्चा, मतदान का लिया संकल्प
बालोतरा। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में महिला मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से मतदाता जागरूकता अभियान को गति दी जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार यादव की पहल पर गुरुवार को जिले के समस्त नगर निकाय क्षेत्रों में स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए लोकतंत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
महिला एवं बाल विकास अधिकारिता विभाग के उप निदेशक ओमप्रकाश ने बताया कि आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने महिलाओं को मतदान के अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी दी। महिलाओं को रक्षासूत्र बांधकर आगामी चुनाव में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने स्वयं मतदान करने के साथ-साथ अपने परिवार, पड़ोस और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रत्येक मतदाता का एक-एक मत लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में किसी भी प्रकार के प्रलोभन, दबाव या उदासीनता से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का प्रयोग करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
रंगोली के माध्यम से दिया मतदान का संदेश
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर रंगोली प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं ने रंग-बिरंगी रंगोलियों के माध्यम से मतदान का संदेश प्रदर्शित किया। रंगोलियों में ‘मतदान अवश्य करें’, ‘मेरा वोट, मेरा अधिकार’ सहित विभिन्न संदेशों के जरिए आमजन को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। रंगोली प्रतियोगिता ने जागरूकता कार्यक्रम को रचनात्मक और आकर्षक स्वरूप दिया। केंद्रों पर पहुंचने वाली महिलाओं और अन्य लोगों को रंगोलियों के माध्यम से मतदान के महत्व का संदेश दिया गया तथा उन्हें अपने आसपास के पात्र मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने निकाली मतदाता रैली
जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर मतदाता रैलियों का भी आयोजन किया गया। रैली में महिलाओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में मतदान जागरूकता संबंधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर प्रतिभागियों ने लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। रैली के दौरान लोकतंत्र में मताधिकार के महत्व को लेकर जागरूकता संदेश दिए गए। कार्यकर्ताओं ने आमजन से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करने के साथ-साथ परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। विशेष रूप से महिलाओं को मतदान प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। जिला प्रशासन की ओर से महिला मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे इस अभियान में आंगनवाड़ी केंद्रों को जागरूकता के प्रभावी माध्यम के रूप में उपयोग किया जा रहा है। कार्यक्रमों के जरिए महिलाओं तक सीधे पहुंच बनाकर उन्हें मतदान के प्रति जागरूक किया गया। महिला एवं बाल विकास अधिकारिता विभाग के उप निदेशक ओमप्रकाश ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम आगामी दिनों में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि जिले में अधिकाधिक महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सहभागी बनें।