अवैध तमंचा लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार,आंगई पुलिस की कार्रवाई
धौलपुर। अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आंगई थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उसके पास से 12 बोर का देसी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आंगई थाना प्रभारी राम अवतार मीणा ने बताया कि एसपी सुमित मेहरड़ा के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जिसको लेकर सक्रिय किए गए मुखबिर तंत्र से पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार के साथ आंगई बांध पर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा हुआ है। सूचना पर एएसआई नवीन कुमार के साथ कॉन्स्टेबल मनोज और योगेश को मौके पर भेजा गया। जहां पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर रामकृष्ण उर्फ बाबू (24) पुत्र रामभान निवासी सीताराम की खिरकारी को पकड़कर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के पास से 12 बोर का देसी तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिल गया। जिस पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी से पुलिस अवैध हथियार की खरीद फरोख्त को लेकर पूछताछ कर रही है।