अंडा खरीदने पहुंचे युवक की जान गई, मामूली विवाद में 8 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
जयपुर। राजधानी के मानसरोवर थाना क्षेत्र में एक मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। अंडा खरीदने के दौरान हाथ टकराने की बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि शराब के नशे में धुत युवकों ने एक टायल-मार्बल कारीगर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, गुर्जर की थड़ी स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स के पीछे कुछ युवक शराब पार्टी कर रहे थे। उन्होंने अपने नाबालिग साथी को पास की दुकान से अंडे लाने भेजा। दुकान पर मौजूद बलबीर का हाथ गलती से उससे टकरा गया, जिससे दोनों के बीच बहस हो गई। नाबालिग ने लौटकर साथियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद सभी आरोपी डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और बलबीर पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी मारपीट की गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल बलबीर को पहले जयपुरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के चलते इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई की शिकायत पर मानसरोवर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया। बलबीर मूल रूप से बाहर का रहने वाला था और जयपुर में किराये पर रहकर टायल-मार्बल फिटिंग का काम करता था।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने महज आठ घंटे में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि वारदात में शामिल एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मनीष कुमार सोलंकी, रमजान अली और रोहित यादव शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीनों के खिलाफ पहले से चोरी, लूट, नकबजनी, मारपीट, झपटमारी और आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।