Dark Mode
होटल के बाहर सो रहे युवकों पर बरसाईं लाठियां

होटल के बाहर सो रहे युवकों पर बरसाईं लाठियां

ब्यावर। ब्यावर में एक होटल के बाहर चारपाई पर सो रहे 3 युवकों पर मुंह बांधकर आए 10 से ज्यादा हमलावरों ने लाठियों से हमला कर दिया। उन्होंने युवकों को बेरहमी से पीटा और 50 हजार रुपए कैश के साथ सोने की चेन लूटकर फरार हो गए।

साकेतनगर थाना इलाके में ब्यावर-पाली हाईवे पर खेजडला चौराहा के पास एक होटल के बाहर हुई यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामला 14 अप्रैल का है, लेकिन वीडियो अब सामने आया है।


युवक की मां ने दर्ज कराई रिपोर्ट
एएसआई ओमप्रकाश ने बताया- केसरपुरा निवासी लीला देवी (40) पत्नी किशन ने मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में बताया- उसका बेटा सुरेंद्र काठात (22) ब्यावर से 14 अप्रैल की रात को गांव की तरफ आ रहा था। रास्ते में हाईवे पर खेजडला चौराहा के पास एक होटल में रुका था। वहां 2 अन्य युवकों के साथ चारपाई पर लेटा था।

इसी दौरान जैतपुरा निवासी सुनील, नरेंद्र और केसरपुरा निवासी संजय 10 अन्य लोगों के साथ आए और अचानक लाठियों से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान जेब से 50 हजार रुपए निकाल लिए और गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए।

आसपास के लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
एएसआई ने बताया- हमले में सुरेंद्र काठात गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे ब्यावर के अमृतकौर अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां इलाज के बाद छुट्टी दे दी है। ये पूरा घटनाक्रम होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि कुछ हमलावर चारपाई पर लेटे युवकों को लाठियों से बेरहमी से पीट रहे हैं। युवक हमलावरों से बचने के लिए इधर-उधर भागते हैं। इस दौरान एक युवक नीचे गिर जाता है तो उसे लातों से पीटते हैं।

3 नामजद सहित 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
एएसआई ने बताया- पीड़ित युवक की मां की रिपोर्ट पर सुनील, नरेंद्र, संजय सहित 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!