कनाडा के स्कूल में गोलीबारी, 10 लोगों की मौत
टम्बलर रिज। ब्रिटिश कोलंबिया के टम्बलर रिज शहर के सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार दोपहर लगभग 1:20 बजे गोलीबारी की घटना हुई। पुलिस के अनुसार, इस हमले में छह लोगों के साथ ही संदिग्ध हमलावर भी मारे गए। पास के एक घर में दो और शव मिले हैं, जिनका इस घटना से संबंध माना जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि घायल 25 लोगों में से दो की स्थिति गंभीर थी। उन्हें एयरलिफ्ट करके अस्पताल ले जाया गया, लेकिन एक घायल रास्ते में ही दम तोड़ गया। आरसीएमपी ने कहा कि संदिग्ध हमलावर ने खुद को गोली मार ली और जांच चल रही है कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति इसमें शामिल तो नहीं था।
टम्बलर रिज छोटा शहर है, जिसकी आबादी लगभग 2,400 है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से घरों के अंदर रहने और सुरक्षा बनाए रखने की अपील की है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पीस रिवर साउथ स्कूल डिस्ट्रिक्ट ने दोनों स्कूल—सेकेंडरी और एलीमेंट्री—को पूरी तरह बंद कर दिया है।
स्कूल में कक्षा 7 से 12 तक लगभग 175 छात्र पढ़ते हैं। विधायक लैरी न्यूफेल्ड ने कहा कि अतिरिक्त पुलिस और एंबुलेंस टीमें मौके पर भेजी गई हैं और लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने परिजनों को खोजने की कोशिश के बजाय पुलिस को काम करने दें।