जमवारामगढ़ में वृद्धा की नृशंस हत्या के आरोपी को भेजा जेल
जमवारामगढ़। थाना पुलिस ने रविवार को दिन दहाड़े वृद्ध महिला की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी को तीन दिन का पुलिस रिमांड खत्म होने पर शुक्रवार को पुनः कोर्ट में पेश किया गया जहाँ से कोर्ट ने आरोपी रामबगीची मोहल्ला जमवारामगढ़ निवासी ललित सैनी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
यह था मामला-
जमवारामगढ़ कस्बे के राम बगीची मोहल्ले में रविवार को दिन दहाड़े वृद्धा की हत्या कर उसके कान के सोने के बाटे, जंतर व नगदी लूट कर ले जाने की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। जमवारामगढ़ थाना प्रभारी हर दयाल मीणा ने बताया कि रविवार को कस्बा निवासी छोटी देवी मीणा की अज्ञात बदमाश हत्या कर जेवर व नकदी लूटकर कर फरार हो गए थे।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डैड बाडी को उप जिला चिकित्सालय जमवारामगढ़ की मोर्चरी में रखवाया था। जिसका सोमवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया था। घटना के संबंध में मृतका के बेटे शंकर लाल ने जमवारामगढ़ थाने में लूट व हत्या का मामलाः दर्ज करवाया था।
मामले को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण शांतनु कुमार सिंह ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ हरिप्रसाद सोमानी की निगरानी में 6 पुलिस टीमें गठित की थी। पुलिस टीम में 40- 50 जवान एवं अधिकारी शामिल रहे। अभियुक्त की गिरफ्तारी में कांस्टेबल पृथ्वी बैलट नंबर 92 गनमैन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय कि उक्त घटना में अहम भूमिका रही।
पुलिस टीमों द्वारा की गई कार्रवाई-
पुलिस टीमों द्वारा घटना के सबंध में संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ की गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस संदिग्धो लोगों पर नजर रख रही थी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। सूचना संकलित कर तलाश की गई तो ललित सैनी पर पुलिस का शक गहरा था, जिसको पुलिस थाने पर लाकर पूछताछ की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में ललित ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया एवं संतोषप्रद जवाब नहीं दे सका, लेकिन जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और पुलिस को बताया कि रविवार को लगभग 3:00 की बात है वह छोटी देवी के गले का जोलिया व कानों के बाटों पर जब उसकी नजर पड़ी तो उसने मन बना लिया था कि मौका देखकर मैं इन्हें लूट लूं।
ललित ने मृतका के गले से जोल्या व कानों से बाटे छीन लिए जिसमें छीना झपटी में एक बार तो मृतका ने हल्ला भी किया किंतु पास में ही पड़े चाकू से वार कर मृतका का गला रेत दिया। जब छोटी देवी पूरी तरह मर चुकी थी तब ललित की नजर उसके पैर के चांदी के कड़ों पर गई और उसने कड़े निकालने की कोशिश की अभियुक्त ने बताया कि अकेला होने की वजह से वह डर गया था।
कड़े नहीं निकले तो उसने पास में ही पड़ी फूंकनी से पैर तोड़ दिया फिर भी चांदी के कड़े नहीं निकले तो वह घबरा गया और यह एहसास हुआ कि कहीं कोई आ नहीं जाए, वहां से पहाड़ी की ओर फरार हो गया। इसके बाद ललित कस्बे में कई बार जगह बदलता रहा। उसने अपने हाथों पर लगे खून के धब्बे को भी एक स्थान पर पानी के होद पर धोना बताया।
पुलिस ने पूछताछ के बाद ललित पुत्र छोटेलाल सैनी उम्र 23 साल निवासी राम बगीची वार्ड नंबर 1 कस्बा जमवारामगढ़ को लूट के इरादे से हत्या करने के जुर्म में गिरफ्तार कर लिया है। जमवारामगढ़ थाना प्रभारी हर दयाल मीणा ने बताया की गिरफ्तार आरोपी ललित सैनी को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया जहाँ से कोर्ट ने आरोपी ललित सैनी को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर सोंप दिया।
आरोपी ललित सैनी का तीन दिन का पुलिस रिमांड खत्म होने पर पुलिस ने आरोपी ललित सैनी को शुक्रवार को पुनः कोर्ट में पेश किया गया जहाँ से कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।