Dark Mode
जैसलमेर में 30 सितंबर को बजेंगे एयर रेड सायरन

जैसलमेर में 30 सितंबर को बजेंगे एयर रेड सायरन

जैसलमेर। शहर में एयर रेड वार्निंग सिस्टम को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने की दिशा में 30 सितंबर को इलेक्ट्रिक सायरनों का ऑपरेशनल ट्रायल किया जाएगा। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के महानिदेशालय अग्निशमन सेवा, नागरिक सुरक्षा एवं गृह रक्षक की टीम की मौजूदगी में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक सायरन प्रणाली का परीक्षण होगा।

इस दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थापित सायरनों की कार्यक्षमता, संचालन और तकनीकी व्यवस्थाओं को परखा जाएगा। प्रशासन ने संबंधित विभागों को गृह मंत्रालय से आने वाली टीम और नागरिक सुरक्षा केंद्र, जैसलमेर के साथ समन्वय बनाकर निर्धारित समय में परीक्षण पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।

11 स्थानों पर लगाए गए हैं इलेक्ट्रिक सायरन

जैसलमेर शहर में एयर रेड वार्निंग सिस्टम के तहत कुल 11 स्थानों पर इलेक्ट्रिक सायरन स्थापित किए गए हैं। इनमें गोपा चौक स्थित राब्जी मंडी, जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय और सीपीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस शामिल हैं।

इसके अलावा ट्रॉमा सेंटर, जवाहर चिकित्सालय, रानी महल-सोनार दुर्ग, नगर परिषद कार्यालय, सनसेट पॉइंट-सूली डूंगर और महेश्वरी चिकित्सालय के पास स्थित सुलभ शौचालय पर भी सायरन लगाए गए हैं।

अन्य स्थानों में रेंवतसिंह की ढाणी का सभाभवन, पुलिस लाइन कच्ची बस्ती स्थित तना आश्रम तथा इंदिरा कॉलोनी का सभाभवन शामिल है। इन सभी स्थानों पर सायरन की तकनीकी क्षमता और संचालन व्यवस्था को जांचा जाएगा।

सायरन सुनाई दे तो न घबराएं

प्रभारी अधिकारी सामान्य रोहित वर्मा की ओर से जारी आदेश में संबंधित विभागीय कार्मिकों को परीक्षण के दौरान आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य मौजूदा एयर रेड वार्निंग सिस्टम की तैयारियों को परखना और जरूरत के अनुसार तकनीकी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना है।

जिला प्रशासन ने जैसलमेर के नागरिकों से विशेष अपील की है कि 30 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच यदि सायरन की आवाज सुनाई दे, तो उसे ऑपरेशनल ट्रायल का हिस्सा मानें। इस दौरान किसी तरह की अफवाह या भ्रम पर ध्यान नहीं देने को कहा गया है।

प्रशासन के अनुसार यह परीक्षण नियमित व्यवस्था को मजबूत करने और एयर रेड वार्निंग सिस्टम को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इसलिए सायरन की आवाज को लेकर नागरिकों से अनावश्यक रूप से चिंतित नहीं होने की अपील की गई है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!